केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (Kerala CM Pinarayi Vijayan) गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इससे पहले विजयन की बेटी वीना विजयन (Veena Vijayan) और उनके दामाद पी ए मोहम्मद रियास कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। विजयन ने पिछले महीने तीन मार्च को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लिया था।
विजयन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से खुद के कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी दी। विजयन ने ट्वीट कर बताया है कि वह फिलहाल कोझिकोड के मेडिकल कॉलेज (Kozhikode Medical College) में अपना इलाज करवाएंगे। उन्होंने अपील की है कि जो भी लोग इन दिनों उनके संपर्क में आए हैं वे सेल्फ ऑब्जर्वेशन में चले जाएं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि विजयन वर्तमान में उत्तर केरल के कन्नूर स्थित अपने आवास में हैं और उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। विजयन ने विधानसभा चुनाव के दौरान पूरे राज्य में घूमकर प्रचार किया था। केरल में छह अप्रैल को मतदान हुआ था। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, उन्होंने बीते तीन मार्च को कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज ली थी।
केरल देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां पिछले कुछ दिनों के दौरान कोरोना मामलों में वृद्धि देखी गई है। केरल में बुधवार को 2,357 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के साथ ही राज्य में महामारी के मामले 11,44,594 हो गए।
वहीं, 16 मरीजों की मौत हो जाने के साथ ही अब तक प्रदेश में 4,710 लोगों ने इस संक्रमण के चलते जान गंवाई है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को 60,554 सैंपल की जांच हुई। अब तक राज्य में 1,35,14,740 लोगों की कोविड-19 जांच हो चुकी है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.
