Covid-19: केरल में 30 मई तक और कर्नाटक में 7 जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन

कर्नाटक सरकार ने सरकारी जिला अस्पतालों में ब्लैक फंगस मरीजों का फ्री इलाज करवाने का फैसला लिया है

अपडेटेड May 22, 2021 पर 7:48 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए केरल सरकार ने राज्य में लॉकडाउन (Kerala Lockdown) की अवधि को एक सप्ताह यानी 30 मई तक के लिए बढ़ा दिया है। वहीं, कर्नाटक सरकार ने भी राज्यव्यापी लॉकडाउन (Karnataka Lockdown) को सात जून तक बढ़ाने का फैसला किया है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और बी.एस. येदियुरप्पा ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।

केरल में पाबंदियों के बावजूद रोजाना सामने आने वाले कोरोना के मामलों में कोई कमी नहीं दिखने के बाद राज्य में 8 मई से लॉकडाउन लागू है। 16 मई को, लॉकडाउन 23 मई तक बढ़ा दिया गया था। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) ने साथ ही 16 मई से तीन जिलों- तिरुवनंतपुरम, एर्णाकुलम और त्रिशूर में लागू ट्रिपल लॉकडाउन उपायों को वापस लेने की भी घोषणा की। हालांकि, मलाप्पुरम जिले में ट्रिपल लॉकडाउन जारी रहेगा।

बता दें कि केरल में कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के दौरान मामलों और मौतों की भारी वृद्धि देखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बताया कि केरल में आज कोरोना के 29,673 मामले, 41,032 रिकवरी और 142 मौतें रिपोर्ट हुईं। जबकि कोरोना से ठीक होने वालों की कुल संख्या 19,79,919 है और मरने वालों की संख्या 6,994 है। राज्य में सक्रिय मामले 3,06,346 हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 1,33,558 सैंपलों का टेस्ट किया गया।

वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा (BS Yediyurappa) ने शुक्रवार को कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों के साथ बैठकर हमने लॉकडाउन पर फैसला लिया है। सीएम ने बताया कि विशेषज्ञों की राय के अनुसार हम सात जून सुबह 6 बजे तक सख्त प्रतिबंध बढ़ा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी जिला अस्पतालों में म्यूकोर्माइकोसिस (ब्लैक फंगस) मरीजों का फ्री इलाज करवाने का फैसला लिया है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।