केरल में हाल ही में दोबारा चुनी गई पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) सरकार ने अपने पहले बजट में कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए 20 हजार करोड़ रुपये के पैकेज का एलान किया। केरल के वित्त मंत्री केएन बालागोपाल (KN Balagopal) ने राज्य में 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों के फ्री कोरेना वैक्सीनेशन के लिए 1000 करोड़ रुपये आबंटित किए।

साथ ही 500 करोड़ रुपये वैक्सीनेशन के लिए जरूरी इक्विपमेंट और फैसिलीटीज के लिए देने की घोषणा की। वित्त मंत्री केएन बालागोपाल ने बजट पेश करते हुए कहा कि पूर्व की विजयन सरकार ने कोरोना से लड़ने के लिए 20 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए थे।

इस राशि का पूरा इस्तेमाल कोरोना महामारी से निपटने में हुआ है। अब कोरोना के सेकेंड वेव से लड़ने के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का दूसरे कोविड पैकेज दिया जा रहा है। केएन बालागोपाल ने कहा कि सेकेंड कोविड-19 पैकेज से राज्य के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी, साथ ही इससे सभी के लिए भोजन (Food) का उपाय किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस पैकेज से हम राज्य में कोरोना महामारी के प्रकोप को कम करने के साथ इसकी संभावित तीसरी लहर को रोकने का प्रयास करेंगे। कोविड राहत पैकेज के साथ-साथ वित्त मंत्री केएन बालागोपाल ने अपने पहले बजट में तटीय क्षेत्रों (Coastal regions) के लिए एक रिवाइवल पैकेज का भी एलान किया।

यह पैकेज उन क्षेत्रों को दिया जाएगा जहां हाल ही में आए तुफान और लगातार बारिश के कारण काफी तबाही हुई है। बालगोपाल ने 2021-22 वित्त वर्ष के लिए पूर्व वित्त मंत्री टीएम थॉमस इसाक द्वारा पेश फुल बजट में कुछ बदलाव के साथ संशोधित बजट पेश किया।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।