Lightning In Bihar: बिहार में कुदरत का कहर, बिजली गिरने और आंधी की चपेट में आने से 11 लोगों की मौत

पूर्णिया और अररिया में 4-4 और सुपौल में 3 लोगों की आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। सभी मृतकों के परिजनों को तत्काल 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी

अपडेटेड Sep 28, 2022 पर 1:11 PM
मुख्यमंत्री ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है

Lightning In Bihar: बिहार के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने और आंधी के कारण 11 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रत्येक पीड़ित के परिवार के सदस्यों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

सीएम ने एक बयान में कहा कि पूर्णिया और अररिया में 4-4 और सुपौल में 3 लोगों की आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। सभी मृतकों के परिजनों को तत्काल 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और दुर्घटना से बचने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी सुझावों का पालन करने की भी अपील की। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में आकाशीय बिजली गिरने के बाद तीन महिलाएं घायल हो गईं।


राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि नाहन तहसील के पनार गांव में आकाशीय बिजली गिरने से कमला देवी (48), निशा कुमारी (20) और उनकी बहन संगीता (16) घायल हो गईं। इसके अलावा हाल ही में राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 7 लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य लोग झुलस गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।