कोरोना वायरस महामारी के बीच दुर्गा पूजा में एक महीने का समय रह गया है। पूरे पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। ऐसे में हिन्दू वोटरों को लुभाने के लिए ममता बनर्जी (Mamta Banarjee) ने पश्चिम बंगाल की हरेक दुर्गा पूजा समिति को सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में 30 हजार से अधिक रजिस्टर्ड पूजा समितियां हैं। इसके अलावा ममता बनर्जी ने घोषणा की है कि इस साल फायर ब्रिगेड, नगर निगम, सिविक बॉडीज और पंचायत पूजा समिति से किसी भी तरह का टैक्स नहीं वसूलेंगे।

ममता बनर्जी ने कहा कि इस साल कोरोना वायरस महामारी के कारण दुर्गा पूजा समितियों के लिए चंदा इकट्ठा करना मुश्किल होगा। दुर्गा पूजा के आयोजन में राज्य की पूजा समितियों को आर्थिक परेशानी नहीं हो, इसके लिए सरकार ने प्रदेश की सभी पूजा समितियों को 50-50 हजार रुपये देने का फैसला किया है। मुझे उम्मीद है कि इस राशि से कुछ हद तक पूजा समितियों की परेशानी कम होगी। पूजा समितियों को 50 हजार रुपये देने से राज्य सरकार पर 140 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। इसके अलावा ममता बनर्जी ने पंडालों को बिजली बिल में भी राहत दी है। ममता बनर्जी ने कहा कि इस साल पूजा समितियों को बिजली बिल में 50% की छूट मिलेगी। पिछले साल यह छूट 25% थी। राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा को लेकर नई गाइडलाइंस भी जारी की है।

ओपन पंडाल बनाना होगा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि इस साल राज्य में दुर्गा पूजा उत्सव आयोजित नहीं होगा। बनर्जी ने गुरुवार को इसे लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल चारों ओर खुले होने चाहिए। पंडालों में प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर होना चाहिए और मास्क पहनना अनिवार्य रहेगा। नए नियमों के मुताबिक इस साल दुर्गा पूजा पंडाल (Durga Puja Pandal) में किसी भी तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम (Cultural Programs) की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी होगा। पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा में अब करीब एक महीने का समय बचा है। ऐसे में कोविड-19 महमारी के मद्देनजर सादगी से उत्सव मनाने की तैयारियां पूरे शहर में शुरू हो गई हैं और आयोजक संक्रमण को फैलने से रोकने के उपायों पर काम कर रहे हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।