मिर्जापुर सीरीज में 'ललित' का किरदार निभाने वाले एक्टर ब्रह्माा मिश्रा की हार्ट अटैक से मौत, बाथरूम में 3 दिनों तक सड़ता रहा लाश

मिर्जापुर सीरीज में 'मुन्ना भैया' के दोस्त का किरदार निभाने वाले ब्रह्मा मिश्रा की उम्र महज 36 वर्ष थी

अपडेटेड Dec 02, 2021 पर 6:35 PM
'मिर्जापुर' सीरीज के एक्टर ब्रह्मा मिश्रा की मौत

मशहूर वेबसीरीज 'मिर्जापुर' में ललित नाम के शख्स का किरदार निभाने वाले एक्टर ब्रह्मा मिश्रा की मौत हो गई है। मिर्जापुर सीरीज में 'मुन्ना भैया' के दोस्त का किरदार निभाने वाले ब्रह्मा मिश्रा की उम्र महज 36 वर्ष थी। ऐसे में उनकी मौत ने उनके प्रशंसकों को सदमे में डाल दिया है।

मिड-डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को ब्रह्मा मिश्रा के वर्सोवा स्थित फ्लैट से उनका शव पड़ा मिला, जो सड़ना शुरू हो चुका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल में भेजा गया है।

अपुष्ट रिपोर्टों के मुताबिक, ब्रह्मा मिश्रा को 29 नवंबर को सीने में दर्द हुआ था, जिसके बाद वह डॉक्टर के पास गए थे। डॉक्टर से कुछ दवाईयां लेने के बाद वह घर आए। रिपोर्ट के मुताबिक ब्रह्मा मिश्रा को हार्ट अटैक आया था, जिसके चलते उनकी मौत हुई। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है।


रिपोर्ट के मुताबिक ब्रह्मा मिश्रा का शव तीन दिन से बाथरूम में पड़ा हुआ था। पड़ोसियों ने उनके अपार्टमेंट से बदबू आने की शिकायत की, जिसके बाद गुरुवार 2 दिसंबर को पुलिस उनके घर पहुंची। पुलिस ने एक चाबी वाले की मदद से फ्लैट का मेन खुलवाया। अंदर जाने पर उन्हें महसूस हुआ कि बदबू बाथरूम की तरफ से आ रही है और जब वे वहां पहुंचे तो वहां एक्टर का शव फर्श पर पड़ा मिला।

ब्रह्मा मिश्रा भोपाल के रायसेन के रहने वाले हैं। वर्सोवा पुलिस ने उनके भाई संदीप मिश्रा को घटना की जानकारी दी है। संदीप इस समय मुंबई के लिए रवाना हो गए।

ब्रह्मा मिश्रा एक स्ट्रगलिंग एक्टर थे, जो हाल ही में 'मिर्जापुर' वेबसीरीज में 'ललित' नाम के शख्श का किरदार निभाकर काफी फेमस हुए थे। जानकारी के मुताबिक, ब्रह्मा मिश्रा इस अपार्टमेंट में पिछले चार सालों से अकेले किराए पर रहते थे।

मिर्जापुर सीरीज में 'मुन्ना भैया' का किरदान निभाने वाले एक्टर दिव्येंदु शर्मा ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में ब्रह्मा मिश्रा के निधन की जानकारी दी और उनके निधन पर शोक जताया। दिव्येंदु ने ब्रह्माा मिश्रा के साथ अपनी एक तस्वीर इंस्टा पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘RIP ब्रह्माा मिश्रा। हमारा ललित अब नहीं रहा… चलिए, हम सब उनके लिए प्रार्थना करते हैं।’

दिव्येंदु के अलावा पंकज त्रिपाठी, श्वेता त्रिपाठी, फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी, विजय वर्मा सहित फिल्म इंडस्ट्री के तमाम लोगों ने ब्रह्माा मिश्रा की यूं अचानक मौत पर दुख जताया है। सोशल मीडिया पर ब्रह्माा मिश्रा के फैंस भी उन्हें याद करते हुए पोस्ट शेयर कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।