देश भर में लोकसभा चुनाव चल रहे हैं। मुंबई में कल (20 मई 2024) वोटिंग होगी। इससे पहले एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा कॉल मिला है। जिसमें कहा गया है कि मुंबई के दादर इलाके के मैकडोनाल्ड में बम से उड़ा दिया जाएगा। अज्ञात शख्स की ओर से फोन कॉल के जरिए धमाके की धमकी देने की सूचना के बाद सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है। पुलिस के मुताबिक कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि दादर इलाके में स्थित मेकडोनल्ड में धमाका होगा।
मुंबई पुलिस को फोन करने वाले शख्स ने बताया कि वो जिस समय बेस्ट की बस नंबर 351 में सफर कर रहा था। उसी दौरान उसने दो लोगों को मैकडॉनल्ड को उड़ाने की बात करते सुना है। इस कॉल के बाद मुंबई पुलिस जांच और छानबीन में जुट गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। इस कॉल के बाद मुंबई पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है। अभी तक मुंबई पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
फिलहाल मुंबई पुलिस को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। इसके साथ ही किसी भी संदेहास्पद वस्तु मिलने या किसी भी तरह की अनहोनी की सूचना या फोन को गंभीरता से लेने का आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा, मुंबई पुलिस फोन कॉल को लेकर आगे की जांच में जुटी हुई है। हालांकि, मुंबई पुलिस के लिए यह कोई नई बात नहीं है। मुंबई में धमकी भरे कॉल आते रहते हैं। 31 दिसंबर 2023 की रात को भी मुंबई शहर को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया गया था। मुंबई पुलिस उस दिन भी पुलिस पूरे शहर में ब्लास्ट की सूचना से सकते में आ गई थी।
फ्लाइट में टिश्यू पर लिखा मिला- बम
इन दिनों बम धमाके की धमकी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। पिछले दिनों दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट के शौचालय में एक टिशू पेपर पर 'बम' लिखा हुआ मिला। जिसके बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इसकी जांच की और आखिर में बम होने की सूचना को अफवाह बताया। इससे पहले ईमेल के जरिए इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयपोर्ट के साथ-साथ दिल्ली के कई अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसे पुलिस ने जांच के बाद महज अफवाह बताया।