Heavy Rain Lashes Mumbai: मुंबई में आज 25 सितंबर को दोपहर से भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते यहां कई इलाकों में पानी भर गया है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई और उसके पड़ोसी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट गुरुवार को सुबह 8.30 बजे तक के लिए जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शहर में ‘‘अत्यधिक भारी वर्षा’’ की भविष्यवाणी की है। अधिकारियों के मुताबिक खराब मौसम के कारण दो फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा और सात उड़ानों को मुंबई एयरपोर्ट पर चक्कर लगाना पड़ा।
अलग-अलग इलाकों के लिए ये है मौसम विभाग का अनुमान
आईएमडी ने शाम साढ़े पांच बजे जारी चेतावनी में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में अलग-अलग जगहों पर बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ अत्यधिक भारी वर्षा और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने पालघर और सिंधुदुर्ग के तटीय जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें ‘‘भारी से अत्यधिक भारी वर्षा और गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने तथा अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है’’।
25-27 सितंबर के दौरान कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र पर अलग-थलग भारी वर्षा बहुत संभावना है। मुंबई के द्वीपीय शहर में शाम से भारी बारिश हो रही है, जबकि दोपहर से कई उपनगरीय इलाकों में वर्षा जारी है। मुलुंड और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने से निचले इलाकों में पानी का भराव हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण जलभराव और खराब विजिबिलिटी से सड़क यातायात धीमा हो गया। मुंबई की जीवन रेखा मानी जाने वाली उपनगरीय रेल सेवाएं भी बारिश के कारण देरी से चल रही हैं। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि आईएमडी ने देश की वित्तीय राजधानी के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ को बदलते हुए ‘रेड अलर्ट’ कर दिया है, जो गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के लिए जारी किया गया है।