Brahmos Missile : भारत, दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल है जिसके पास एक से बढ़कर एक खतरनाक हथियार है. सैन्य ताकत के मामले में अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत चौथे नंबर पर आता है. दुनिया की चौथी सबसे बड़ी सैन्य ताकत भारत, रक्षा क्षेत्र में अब और एक कदम आगे बढ़ रहा है. भारत की सबसे दमदार मिसाइलों में से एक ब्रह्मोस की दुनिया भर में डिमांड बढ़ रही है. वहीं अब ऐसी खबर सामने आ रही है कि जल्द ही एक मुस्लिम देश भारत से इस दमदार मिसाइल को खरीद सकता है.
ये मुस्लिम देश खरीदेगा ब्रह्मोस
बता दें कि कभी हथियारों का सबसे बड़ा आयातक रहे भारत से अब हथियारों की डिमांड की जा रही है. खबरों की माने तो इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, भारत का दौरा कर सकते हैं. ऐसे में ये भी जानकारी सामने आई है कि दुनिया के सबसे बड़े मुस्लिम देश के साथ भारत कई समझौता कर सकता है. इन समझौतों में से एक ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर भी हो सकता है. माना जा रहा है कि ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर भारत और इंडोनेशिया करार करेंगे और अगले कुछ सालों में इसकी डिलिवरी की जाएगी.
जानकारी के मुताबिक भारत के गणतंत्र दिवस के मौके पर इंडोनेशिया के 400 सैनिक भी भारत आ रहे हैं, जो 26 जनवरी को राजपथ पर होने वाले परेड में भारतीय सैनिकों के साथ हिस्सा लेंगे. वहीं इस मौके पर भारत-इंडोनेशिया कई समझौतों पर भी सहमति जताएंगे, जिसमें ब्रह्मोस मिसाइल भी शामिल है. बता दें कि साउथ ईस्ट एशिया में इंडोनेशिया ऐसे तीसरा देश हो जाएगा, जो ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर डील करेगा.इससे पहले फिलीपींस ने भारत से इन दमदार मिसाइलों को खरीदा है और इसके अलावा वियतनाम ने भी ब्रह्मोस की खरीद की डील फाइनल की है.
बता दें कि ब्रह्मोस मिसाइल भारत और रूस के सहयोग से विकसित की गई एक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है. यह समुद्र, जमीन, और हवा से लॉन्च की जा सकती है और इसकी गति लगभग 2.8 से 3.0 मैक तक होती है, जिससे यह किसी भी एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षम है. यह मिसाइल जमीन, समुद्र और हवा से लॉन्च की जा सकती है, और अपने सटीक लक्ष्य पर प्रभावी हमला करती है. इसकी रेंज लगभग 300 किमी है, और यह सटीक हमला करने की क्षमता रखती है, जो इसे एक मजबूत और खतरनाक हथियार बनाती है. भारत ने इस मिसाइल की बिक्री से अपने रक्षा क्षेत्र की ताकत को और मजबूत किया है.