Operation Sarvshakti: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों का सफाया करने के लिए इंडियन आर्मी (Indian Army) एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। इंडियन आर्मी जम्मू-कश्मीर के पीर पंजाल इलाके में आतंकवादियों से निपटने के लिए ऑपरेशन सर्वशक्ति (Operation Sarvshakti) शुरू करने जा रही है। इसके तहत पीर पंजाल रेंज के दोनों कि किनारों पर सेना का ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। जिसमें 15 कोर और 16 कोर दोनों सेना मुख्यालय और उत्तरी कमान की कड़ी निगरानी में आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऑपरेशन के तहत सुरक्षा बल केंद्र शासित प्रदेश में पीर पंजाल माउंटेन रेंज के दोनों किनारों पर सक्रिय आतंकवादियों को निशाना बनाएंगे।
बता दें कि हाल के दिनों में पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूहों ने पीर पंजाल पर्वतमाला के दक्षिण से राजौरी पुंछ सेक्टर में आतंकी गतिविधियों को फिर से शुरू करने की कोशिश की है। यहां आतंकवादियों के हमलों में लगभग 20 सैनिक शहीद हो चुके हैं।
ऑपरेशन सर्पविनाश की तर्ज पर ऑपरेशन सर्वशक्ति
ऑपरेशन सर्वशक्ति के तहत पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों किनारों से संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियानों को अंजाम दिया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन सर्वशक्ति को ऑपरेशन सर्पविनाश (Operation Sarpvinash) की तर्ज पर शुरू किया जाएगा। दरअसल, ऑपरेशन सर्पविनाश को 2003 में पीर पंजाल रेंज के दक्षिण में इन्हीं इलाकों से आतंकवादियों को खत्म करने के लिए शुरू किया गया था। इस मामले में सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने हाल ही में कहा था कि 2003 के बाद से इस क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियां लगभग खत्म हो गई थीं। लेकिन अब यहां आतंकवादी फिर से अपनी गतिविधियों को शुरू कर रहे हैं।
21 दिसंबर को सेना की गाड़ी पर हुआ था हमला
आतंकियों ने 21 दिसंबर को डेरा की गली और बुल्फियाज के बीच सेना पर हमला किया था। ऊबड़-खाबड़ सड़क के कारण इस जगह पर वाहनों की गति धीमी हो जाती है। जब सेना के वाहन की रफ्तार धीमी हुईं तो आतंकियों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, लेकिन आतंकवादी उस स्थान से भागने में सफल रहे।