अंकल ने मम्मी को मारा और... 5 साल की मासूम की बात सुनकर नाना के उड़े होश, फिर लिव-इन के खूनी खेल का हुआ खुलासा

पानीपत के डाडोला रोड स्थित एक फैक्ट्री के लेबर क्वार्टर में लिव इन में रहने वाली एक महिला की गला घोटकर हत्या कर दी।मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला की 5 वर्षीय बेटी ने पड़ोस में रहने वाले नाना को बताया। मृतक महिला के पिता मोतीलाल ने बताया कि वह मूल रूप से गोपालगंज बिहार का रहने वाला है

अपडेटेड Jan 25, 2025 पर 11:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
लिव-इन पार्टनर ने महिला का गला दबाकर किया मर्डर

Haryana News : हरियाणा के पानीपत से शनिवार को एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आई। यहां एक प्रेमी ने अपनी लिव-इन पार्टनर महिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। हैरान कर देने वाली बात ये है कि महिला की हत्या का खुलासा उसकी पांच साल की मासूम बेटी ने किया। मां की हत्या के बाद मासूम बच्ची रोते हुए अपने नाना के पास गई और सारी वारदात को बताया। बच्ची ने अपने नाना को रोते हुए बताया कि, अंकल ने मम्मी को मारा है और अब मम्मी उठ नहीं रही है।

मासूम ने खोला मौत का राज

छोटी बच्ची की बात सुनकर जब नाना, महिला के कमरे में पहुंचे तो वहां उन्होंने वहां अपनी बेटी को मृत पाया। वहीं घटना की खबर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और शव को सिविल अस्पताल भिजवाया। महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पार्टनर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।


तीन बेटियों की मां थी महिला

वहीं इस मामले की जानकारी देते हुए मृतक महिला के पिता ने मोती लाल ने बताया कि, वह पानीपत में डाडौला रोड की एक कंपनी में काम करते हैं। उनका परिवार बिहार के गोपाल गंज का रहने वाला है। उन्होंने अपनी 30 वर्षीय बेटी सरोज देवी की शादी करीब 10 साल पहले ओम प्रकाश राम नाम के व्यक्ति से करवाई थी। सरोज की तीन बेटियां थी, बड़ी बेटी 10 साल की, मंझली 5 साल की, और सबसे छोटी बेटी केवल 3 साल की है।

मोती लाल ने बताया कि, करीब 4 साल पहले उनकी बेटी सरोज को संदीप नाम का युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से सरोज उसी के साथ लिव-इन में रह रही थी। मोती लाल ने बताया कि उनकी बेटी सरोज और संदीप पिछले चार साल से डाडौला रोड के लेबर क्वार्टर में रह रहे थे। उनके पड़ोस में ही वह खुद भी रहते थे।

सरोज के साथ उसकी 5 साल की मंझली और 3 साल की छोटी बेटी भी रहती थी। शनिवार सुबह सरोज की 5 साल की बेटी रोते हुए उनके पास आई और बोली कि "संदीप अंकल ने रात में मम्मी को बहुत मारा। अब मम्मी उठ नहीं रही हैं।" यह सुनकर वे घबराए और तुरंत बेटी के कमरे में पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि सरोज चारपाई पर बेहोश पड़ी है। जब उन्होंने उसकी हालत देखी, तो गले पर निशान थे।

चार साल से थी लिव-इन में

मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी सरोज पिछले चार साल से संदीप नाम के एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि संदीप का कॉलोनी की ही एक अन्य महिला के साथ रिश्ता था, जिसकी वजह से सरोज और संदीप के बीच अक्सर झगड़े होते थे। कुछ दिन पहले भी इसी बात पर उनके बीच विवाद हुआ था। पिता का मानना है कि इसी कारण से संदीप ने गुस्से में आकर इस घटना को अंजाम दिया।

वहीं इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर आरोपी संदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। आरोपी की तलाश के लिए थाना पुलिस और सीआईए की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।