Get App

केरल: 20 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे पिनराई विजयन, मंत्रिमंडल में होंगे 21 मंत्री

मुख्यमंत्री और अन्य 21 मंत्रियों को राज्य के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के समक्ष शपथ दिलाई जाएगी

MoneyControl Newsअपडेटेड May 18, 2021 पर 9:32 AM
केरल: 20 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे पिनराई विजयन, मंत्रिमंडल में होंगे 21 मंत्री

पिनराई विजयन 20 मई को एक बार फिर केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नई लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को दोपहर 3:30 बजे तिरुवनंतपुरम के केंद्रीय स्टेडियम में होगा। पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) के साथ 21 कैबिनेट के सदस्य भी मंत्रीपद की शपथ लेंगे। पोर्टफोलियो आवंटन पर फैसला सीएम विजयन पर छोड़ दिया गया है। यह जानकारी LDF संयोजक एवं माकपा के कार्यवाहक राज्य सचिव ए विजयराघवन ने सोमवार को दी।

विजयराघवन ने LDF की राज्य समिति की बैठक के बाद यहां कहा कि नई वाम सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कोविड -19 स्थिति को देखते हुए सादगी से होगा जिसमें सीमित संख्या में लोग आमंत्रित होंगे। मौजूदा कोविड -19 स्थिति को ध्यान में रखते हुए केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा है कि समारोह में अधिकतम 500 लोगों को ही अनुमति दी जाएगी।

विजयराघवन ने पत्रकारों से कहा कि चूंकि एलडीएफ को विधानसभा चुनावों के दौरान लोगों के हर वर्ग से अपार समर्थन मिला है, अत: हम एक ऐसी सरकार बनाना चाहते हैं जिसमें सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व हो और जो सभी की उम्मीदों पर खरा उतर सके। माकपा नेता ने कहा कि फिलहाल, 21 सदस्यीय सरकार बनाने का फैसला लिया गया है।

उन्होंने कहा कि एलडीएफ में सबसे बड़े गठबंधन सहयोगी माकपा के नए मंत्रिमंडल में 12 सदस्य होंगे, जबकि दूसरी सबसे बड़ी पार्टी भाकपा के 4 सदस्य होंगे, वहीं केरल कांग्रेस (एम), जनता दल (एस) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से एक-एक प्रतिनिधि होंगे। उन्होंने कहा कि चूंकि मंत्रिमंडल में 21 से अधिक सदस्य शामिल हो सकते हैं, एलडीएफ ने अपने चार सहयोगियों, जिनके पास एक विधायक हैं, को बारी बारी के आधार पर मंत्री पद साझा करने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री और अन्य सभी मंत्रियों को राज्य के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के समक्ष शपथ दिलाई जाएगी। एलडीएफ ने केरल में अपने प्रतिद्वंद्वियों-कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) और BJP-NDA को हराकर 99 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी है। यूडीएफ जहां केवल 41 सीटें जीत सका वहीं BJP गठबंधन चुनावों में एक भी सीट नहीं जीत पाया।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें