Credit Cards

Vande Bharat: पीएम मोदी ने मुंबई में दो वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, बोले- 'आधुनिक होते हुए भारत की शानदार तस्वीर है यह ट्रेन'

Vande Bharat: इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। इसके साथ ही मुंबई से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या बढ़कर तीन और देश में इनकी कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है। पीएम ने कहा कि आज पहली बार एक साथ 2 वंदे भारत ट्रेन की शुरूआत हुई है। यह राज्य में पर्यटन और तीर्थ यात्रा को बढ़ावा देगी

अपडेटेड Feb 10, 2023 पर 5:03 PM
Story continues below Advertisement
पीएम मोदी ने मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से दो वंदे भारत ट्रेन (मुंबई-सोलापुर और मुंबई-साईनगर शिर्डी) का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार को मुंबई (Mumbai) में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों (मुंबई-सोलापुर और मुंबई-साईनगर शिर्डी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम मोदी ने देश की आर्थिक राजधानी पहुंचने के बाद सबसे पहले मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express trains) को और फिर उसके बाद अहमदनगर जिले के साईनगर शिर्डी को मुंबई से जोड़ने वाली दूसरी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे,  उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। इसके साथ ही मुंबई से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या बढ़कर तीन और देश में इनकी कुल संख्या 10 हो गई है।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज पहली बार एक साथ 2 वंदे भारत ट्रेन की शुरूआत हुई है। यह राज्य में पर्यटन और तीर्थ यात्रा को बढ़ावा देगी। उन्होंने आगे कहा कि वंदे भारत ट्रेन आज के आधुनिक होते हुए भारत की शानदार तस्वीर है। यह भारत की स्पीड और स्केल का प्रतिबिंब है। आप देख रहे हैं कि देश में कितनी तेज़ी से वंदे भारत लॉन्च हो रही हैं। अब तक 10 ऐसी ट्रेनें लॉन्च हो चुकी हैं। आज देश के 17 राज्यों के 108 ज़िले वंदे भारत से जुड़ चुके हैं।


प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार 10 लाख करोड़ रुपए सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से लिए रखे हैं। यह 9 साल की तुलना में 5 गुना अधिक है जिसमें रेलवे का हिस्सा 2.5 लाख करोड़ है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार के डबल प्रयासों से महाराष्ट्र में कनेक्टिविटी और तेज़ी से आधुनिक बनेगी। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में आधुनिक ट्रेनें चलाई जा रही हैं, मेट्रो का विस्तार हो रहा है, नए-नए एयरपोर्ट्स और पोर्ट्स बनाए जा रहे हैं।

CSMT-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलने से दोनों शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा और सोलापुर के सिद्धोश्वर, अक्कालकोट, तुलजापुर, सोलापुर के पास पंढरपुर और पुणे जिले में आलंदी जाने वाले तीर्थ यात्रियों को सुविधा होगी। वहीं, दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से नासिक जिले में स्थित त्रयम्बकेश्वर, साईनगर शिर्डी और शनि सिगनापुर जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।

ये भी पढ़ें- Rajasthan Budget: सीएम अशोक गहलोत ने पढ़ दिया पुराना बजट भाषण, किरकिरी के बाद विधानसभा में मांगी माफी

प्रधानमंत्री आज मुंबई के मरोल में अलजामिया-तुस-सैफिया (सैफी अकादमी) के नए परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। अलजामिया-तुस-सैफिया, दाऊदी बोहरा समुदाय का प्रमुख शैक्षणिक संस्थान है। सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के मार्गदर्शन में यह संस्थान समुदाय की साहित्यिक संस्कृति की रक्षा करने के लिए काम कर रहा है। मुंबई पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री के शुक्रवार को शहर में आने के कारण पूर्वी फ्री-वे और दक्षिणी मुंबई के आसपास की सड़कों, मरोल और अंधेरी में यातायात प्रभावित होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।