अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा आरोप, 'दिल्ली में रोका गया मेरा हेलीकॉप्टर, नहीं जाने दिया जा रहा मुजफ्फरनगर'

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बीजेपी सरकार पर एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनके हेलीकॉप्टर को दिल्ली में रोक दिया गया और उन्हें मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है

अपडेटेड Feb 04, 2022 पर 2:00 PM
अखिलेश यादव का आज मुजफ्फरनगर और मेरठ में जंयत चौधरी के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करने का कार्यक्रम था

Uttar Pradesh Election 2022: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने शुक्रवार को बीजेपी सरकार पर एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनके हेलीकॉप्टर (Akhilesh Yadav Helicopter) को दिल्ली में रोक कर रखा गया है और उन्हें मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) नहीं जाने दिया जा रहा है। अखिलेश यादव ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।

बता दें कि अखिलेश यादव का आज यूपी के मुजफ्फरनगर और मेरठ में कार्यक्रम था, जहां उन्हें राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जंयत चौधरी के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करना था। अखिलेश यादव इसके लिए आज सुबह अपने लखनऊ आवास से एक फ्लाइट के जरिए दिल्ली गए, जहां से उन्हें एक हेलीकॉप्टर के जरिए मुजफ्फरनगर जाना था।

अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में आरोप लगाया, "मेरे हेलिकॉप्टर को अभी भी बिना किसी कारण बताए दिल्ली में रोककर रखा गया है और मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है। जबकि भाजपा के एक शीर्ष नेता अभी यहां से उड़े हैं। हारती हुई भाजपा की ये हताशा भरी साजिश है। जनता सब समझ रही है।"


देखिए अखिलेश यादव का ट्वीट-

अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद समाजवादी पार्टी भी बीजेपी पर हमलावर हो गई और कहा कि बीजेपी पश्चिम यूपी में अखिलेश यादव के दौरे से डर गई है। समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए एक ट्वीट में कहा, "राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के पश्चिमी यूपी के दौरे से डरी भाजपा सरकार। दिल्ली से मुजफ्फरनगर हेलिकॉप्टर की अकारण रोकी उड़ान। लोकतंत्र की हत्या कर रही सरकार। चाहे जितने हथकंडे अपना ले दंभी सत्ता, जनता देगी जवाब। भाजपा सरकार के दिन है बचे चार।"

देखिए समाजवादी पार्टी का ट्वीट-

बता दें मुजफ्फरनगर और मेरठ सहित पश्चिम यूपी की 58 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के तहत 10 फरवरी को मतदान होने हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अखिलेश का आज पश्चिम यूपी का दौरा था। उत्तर प्रदेश में कुल सात चरणों में चुनाव होंगे और आखिरी चरण के लिए 7 मार्च को वोट डाले जाने हैं। चुनाव नतीजों का ऐलान 10 फरवरी को होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।