UP Elections 2022: अमित शाह बोले- यूपी में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है BJP, गृह मंत्री ने हिजाब विवाद से लेकर CAA के मुद्दे तक सभी सवालों का दिया बेबाक जवाब

उन्होंने कहा कि हमें सरकार बनाने के लिए किसी की भी जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि हम एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं

अपडेटेड Feb 21, 2022 पर 9:14 PM
अमित शाह ने कहा कि मैं पूरे उत्तर प्रदेश का दौरा कर आपके सामने बैठा हूं, यूपी में बड़े बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने सोमवार को नेटवर्क 18 के ग्रुप एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी (Rahul Joshi ) के साथ एक विशेष इंटरव्यू में कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें सरकार बनाने के लिए किसी की भी जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि एनडीए एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

अमित शाह ने नेटवर्क 18 के साथ बातचीत में देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव, ध्रुवीकरण की राजनीति, कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद और सीएए के मुद्दे सहित योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने को लेकर संशय जैसे सभी मुद्दों पर खुलकर बात की।

IndiGo के बोर्ड से राकेश गंगवाल क्यों निकले, क्या वह राकेश झुनझुनवाला के Akasa में निवेश करेंगे?


गृह मंत्री ने कहा 2014, 2017, 2019 में यूपी की जनता एक रास्ते में चली है। यूपी की जनता बीजेपी के साथ आई है। मुझे पूरा भरोसा है कि 2022 में भी बीजेपी की सरकार को जनता स्वीकार करेगी। इस दौरान शाह ने हिजाब विवाद पर कहा कि स्कूल के ड्रेस कोड को सभी धर्म के लोग मानें। मामला कोर्ट में है, कोर्ट जो फैसला दे उसे मानना चाहिए। मेरा व्यक्तिगत मानना है कि स्कूलों में बच्चों को धर्म से ऊपर रखना चाहिए।

पढ़िए, न्यूज-18 के साथ अमित शाह का सवाल-जवाब

सवाल- यूपी में 300+ का नारा देने के पीछे मंशा क्या?

जवाब- मैं पूरे उत्तर प्रदेश का दौरा कर आपके सामने बैठा हूं। यूपी में बड़े बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी। योगी जी के नेतृत्व में जनता का मन जीतने में बीजेपी सफल हुई है। विजय की बाउंड्री बीजेपी के लिए जनता लगाएगी।

सवाल- सर्वे में 230 से 260 सीट के बीच बीजेपी को मिल रही हैं?

जवाब- कई बार परसेप्शन बहुत महत्वपूर्ण रहता है। सारे सर्वे करने वाले अपनी क्रेडिबिलिटी को जोड़ते हैं। सर्वे में जनता जो बताती है वो सच हो जरूरी नहीं है।

सवाल- आप कौन से बड़े मुद्दों के साथ जनता के बीच गए?

जवाब- पिछले 3 चुनाव से UP की जनता बीजेपी के साथ है। इस बार सबसे बड़ा मुद्दा लॉ एंड ऑर्डर, गरीब कल्याण है। लोगों के बीच मूलभूत सुविधाएं देना इस बार हमारा मुद्दा है। बीजेपी ने एडमिनिस्ट्रेशन में बड़ा परिवर्तन किया है। पिछली सरकारें जातिवाद के आधार पर चली थीं। सरकारों में जातियों का काम होता था।

सवाल- बीजेपी के लिए सबसे बड़ा मुद्दा लॉ एंड ऑर्डर है?

जवाब- पहले FIR नहीं होती थी, अब FIR होती है। एसपी सरकार में एक धर्म विशेष को छूट मिलती थी। मेरठ से लोग पलायन करने को मजबूर थे। करोड़ों की जमीन पर गुंडे कब्जा करके बैठ गए थे। योगी सरकार में डकैती में 72% कमी आई है। लूट में 62%, रेप में 50% की कमी आई है। आजम, अतीक अहमद, मुख्तार एक साथ जेल में हैं। पहले जो परेशान करते थे, वो आज जेल की रोटी तोड़ रहे हैं। पहले हर जिले में माफिया होते थे आज एक भी जिले में बाहुबली नहीं है। हमने करीब 2000 करोड़ की संपत्ति माफियाओं से छुड़ाई है।

सवाल- योगी जी ने 80-20 का जिक्र किया, क्या यह हिंदू बनाम मुस्लिम है?

जवाब- मैं नहीं मानता कि हिंदू-मुस्लिम का बंटवारा है। पोलराइजेशन जरूर हो रहा है। लेकिन गरीब, किसान भी पोलराइज हो रहा है. किसान कल्याण निधि का पैसा मिल रहा है।

सवाल- हिंदू-मुसलमान पोलराइजेशन नहीं देख रहे हैं?

जवाब- वोटबैंक के हिसाब से हम नहीं देखते हैं। ‘जिनका अधिकार, उनके साथ सरकार’ पर हम चलते हैं। प्रधानमंत्री की हर योजना का लोगों को लाभ मिल रहा है। पहले 2 करोड़ 62 लाख घरों में शौचालय नहीं था। हमने UP में 1 करोड़ 41 लाख घरों में बिजली पहुंचाई है। इसके अलावा 2 करोड़ 68 लाख LED बल्ब बांटे गए, 15 करोड़ गरीबों को दो साल से फ्री राशन दी, 42 लाख लोगों को आवास देने का काम हुआ। अब 2024 तक हर आदमी को घर देने का लक्ष्य है।

सवाब- बीजेपी मुसलमानों को टिकट क्यों नहीं देती है?

जवाब- मुस्लिमों के साथ वही रिश्ता है, जो सरकार का होना चाहिए। चुनाव में कौन वोट देता है, वो भी तो देखना पड़ता है।

सवाल- कैराना में पलायन का मुद्दा आज है?

जवाब- पलायन का मुद्दा आज भी है। कैराना जो आए हैं वो शांति से जी रहे हैं। उन्हें अब पलायन नहीं करना पड़ रहा है। यूपी में राजनीति का अपराधीकरण हुआ था। एडमिनिस्ट्रेशन का राजनीतिकरण हो गया था। बीजेपी सरकार में राजनीति का अपराधीकरण नहीं हुआ है। यूपी की जनता को परिवारवादी, जातिवादी राजनीति से छुटकारा मिला है। योगी सरकार ने यूपी को 8वें से दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है। यूपी में बेरोजगारी दर 17.3 प्रतिशत थी, आज 4.1 प्रतिशत है। 1 करोड़ 61 लाख नौकरियों और रोजगार के नए अवसर मिले हैं।

सवाल- हिजाब विवाद पर आपकी क्या राय है?

जवाब- स्कूल के ड्रेस कोड को सभी धर्म के लोग मानें। मामला कोर्ट में है, कोर्ट जो फैसला दे उसे मानना चाहिए। मेरा व्यक्तिगत मानना है कि स्कूलों में बच्चों को धर्म से ऊपर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इसमें साजिश है तो विरोधियों की मंशा सफल नहीं होगी।

सवाल- जयंत चौधरी को साथ लाने की आपने कवायद की। अब क्या सोच रहे हैं?

जवाब- बीजेपी पूर्ण बहुमत से जीतने जा रही है। मैंने इतना कहा था कि जयंत गलत जगह चले गए हैं।

सवाल- जयंत के लिए बीजेपी के रास्ते खुले हैं?

जवाब- बीजेपी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। जयंत के साथ कोई पोस्टपोल एलाएंस की जरूरत नहीं है। हमारी पार्टी का दो पार्टियों के साथ एलाएंस है। बीजेपी को किसी की जरूरत नहीं पड़ने वाली है। मोदी जी की गरीब कल्याण की योजनाओं ने तस्वीर बदल दी है। यूपी का चुनाव पूरी तरह से बीजेपी के साथ है। 70 साल तक गरीब कल्याण की सुविधा नहीं थी। 5 साल में गरीब कल्याण के लिए बेहतर काम हुआ है।

सवाल- ये चुनाव धर्म और जाति से ऊपर उठकर होगा?

जवाब- इस सबकी कांग्रेस ने शुरुआत की, SP-BSP ने इसे गहराई दी। यूपी में हमें 2019 में 65 लोकसभा सीटों पर जीत मिली। राजनीति में 1+1=2 नहीं होता, कई बार 1+1=11 हो जाता है।

सवाल- स्टेट और केंद्र का इलेक्शन अलग होता है?

जवाब- 2014, 17, 19 में यूपी की जनता एक रास्ते में चली है। यूपी की जनता बीजेपी के साथ आई है। मुझे पूरा भरोसा, 22 में बीजेपी की सरकार को जनता स्वीकार करेगी।

सवाल- मायावती और बीजेपी का गठबंधन होगा?

जवाब- बीजेपी को गठबंधन की जरूरत ही नहीं है। बीजेपी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। समर्थन अच्छा काम करने के लिए सबका चाहिए। एसपी का भी चाहिए, विपक्ष का भी चाहिए। सरकार बनाने के लिए किसी की जरूरत नहीं पड़ेगी। सबसे गरीब लोग बीजेपी के साथ जुड़े हैं। मध्यम वर्ग सुख शांति के साथ जुड़ा हुआ है। 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया है। हर साल 6 हजार किसान के खाते में जाते हैं। 2 करोड़ किसानों तक किसान क्रेडिट कार्ड मिला है।

सवाल- किसान आंदोलन की वजह से किसानों में गुस्सा नहीं है?

जवाब- किसानों के बीच परसेप्शन बनाने की कोशिश हुई, लेकिन किसान बीजेपी के साथ है।

सवाल- ब्राह्मण वोटबैंक को अखिलेश यादव साथ लाना चाहते हैं इसे कैसे देखते हैं?

जवाब- मैं इसे मानता हूं कि यह मुद्दों से भटकना है। जातिवाद की बात करना, मुद्दों से भटकना ही तो है। हम तो गरीब, शहरी वोटर की बात करते हैं। बीजेपी ने जाति की बात नहीं की है।

सवाल- चुनाव में आप असदुद्दीन ओवैसी फैक्टर को कैसे देखते हैं?

जवाब- ओवैसी जी देशभर में दौरा करते हैं. ज्यादातर मुस्लिमों को एड्रेस करते हैं। AIMIM को वोट भी मिलता है हर बार, लेकिन किसी एक घटना को लॉ एंड ऑर्डर के साथ मत जोड़िए। लॉ एंड ऑर्डर का मामला तब होता, जब हम कार्रवाई नहीं करते। यूपी पुलिस ने दो घंटे में दोनों आरोपियों को पकड़कर कानून के हवाले कर दिया। हमने ओवैसी को सुरक्षा देने का फैसला लिया। सुरक्षा हर एक व्यक्ति को मिलनी चाहिए। मुस्लिमों में ओवैसी का आकर्षण तो है ही।

सवाल- कांग्रेस और प्रियंका गांधी को आप कैसे देखते हैं?

जवाब- बंगाल में कांग्रेस की जीरो सीटें आईं हैं। कांग्रेस के भविष्य की तस्वीर बंगाल में दिखी है।

सवाल- पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने तंज कसा कि किसी भइया को यहां नहीं आने देंगे सरकार बनाने के लिए?

जवाब- कांग्रेस की आदत है हर जगह अलग-अलग बात करना। स्वस्थ्य समाज के लिए यह ठीक नहीं है। जिसको जहां जाना है, वो वहां जा सकता है। प्रियंका मंच पर थीं, वो वहां खुश हो रहीं थीं जबकि यूपी में सम्मान की बात करती हैं।

सवाल- राहुल गांधी का आरोप है कि चीन और पाकिस्तान बीजेपी सरकार की पॉलिसी की वजह से साथ आ गए?

जवाब- राहुल गांधी जी को देश का इतिहास मालूम नहीं है। 1962 में क्या हुआ था और कांग्रेस की गलती क्या है? चीन ने जितने भी चैलेंज खड़े किए, हर चैलेंज का मुंह तोड़ A दिया गया है। चाहे गलवान घाटी का हो, चाहे पूर्व में हो हर जगह जवाब दिया है। हर जगह भारत ने अपना स्टैंड मजबूत रखा है। भारत की सीमा और भारत के सार्वभौमत्व को बनाए रखा है। चीन के साथ मिलकर राहुल ने क्या गुफ्तगू की?

सवाल- क्या यूपी में योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री बनेंगे?

जवाब- निश्चित रूप से योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री बनेंगे, चाहे जितनी सीटें आएं। 51 नए कॉलेज बनाने का काम किया, अब 40 मेडिकल कॉलेज बने हैं। केन-बेतवा लिंक पर काम करने का संकल्प लिया है। यूपी में विकास का नया मॉडल तैयार करके दिया है। यूपी में 5 एक्सप्रेस बनाने का काम हो रहा है। यूपी में इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ विकास का काम हो रहा है।

सवाल- चन्नी जी ने आपको एक चिट्ठी लिखी थी जिसका आपने जवाब दिया?

जवाब- किसी भी दल का अलगाववादियों के साथ साठगांठ ठीक नहीं है। कोई भी सरकार ऐसी चीजों को हल्के में नहीं ले सकती। हमारी सरकार जरूर इसकी जांच कराएगी। मुख्यमंत्री जब चिट्ठी लिखता है, तो हल्के में लेने का विकल्प नहीं है।

सवाल- उत्तराखंड में किसकी सरकार बन रही है?

जवाब- निश्चित रूप से उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार बन रही है। धामी जी ने बहुत कम समय में अच्छा काम किया है। उत्तराखंड में विकास के मुद्दों पर काम हुए हैं। गरीब कल्याण उत्तराखंड में भी बड़ा मुद्दा है।

सवाल- CAA कब तक लागू करेंगे?

जवाब- कोरोना के बाद ही CAA पर विचार किया जा सकेगा। कोरोना के बाद तुरंत CAA पर फैसला करेंगे। CAA पर पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है।

सवाल- यूनिफॉर्म सिविल कोड पर आपका क्या विचार है?

जवाब- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने सिविल कोड को शामिल किया है। उत्तराखंड में सरकार बनने के बाद आगे का फैसला लेंगे। व्यापक चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा।

सवाल- इमरान खान ने कहा कि इंडिया और पाकिस्तान को बैठकर विवाद सुलझा लेने चाहिए?

जवाब- कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है इस पर क्या चर्चा हो सकती है। देश की सरकारों का फैसला है कश्मीर भारत का हिस्सा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।