Assembly Election Results 2022: पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। इन नतीजों में सबसे बड़ा झटका कांग्रेस (Congress) पार्टी को लगा है। देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी पांचों राज्यों में से किसी एक में भी सत्ता में आते हुई नहीं दिख रही हैं। यहां तक कि पंजाब भी कांग्रेस के हाथ से निकल गया, जहां पिछले 5 सालों से उसकी सरकार थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने इस हार पर कहा कि वह इससे सीखेंगे और लोगों के हितों के लिए काम करते रहेंगे।
राहुल गांधी ने एक ट्वीट में कहा, "जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार किया है। जनादेश जीतने वालों को शुभकामनाएं। मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए धन्यवाद देता हूं। हम इससे सीखेंगे और भारत के लोगों के हितों के लिए काम करते रहेंगे।"
आइए देखते हैं कि कांग्रेस पार्टी को पांचों राज्यों में क्या हाल रहा है-
कांग्रेस को पंजाब में जबरदस्त झटका लगा है। आम आदमनी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सत्ता उसके हाथ से छीन ली है। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, शाम 4 बजे तक राज्य की 117 विधानसभा सीटों पर 92 सीटों पर आम आदमी पार्टी आगे थी। वहीं कांग्रेस को सिर्फ 18 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है।
उत्तराखंड ऐसा राज्य था, जहां कांग्रेस को सत्ता में आने की उम्मीद थी। हालांकि नतीजों ने कांग्रेस के उम्मीदों पर पानी फेर दिया। राज्य की 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर बढ़त के साथ बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं कांग्रेस के खाते में सिर्फ 18 सीटें जाती दिख रही हैं।
उत्तराखंड की तरह गोवा में भी कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रही थी। हालांकि चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक शाम 4 बजे तक कांग्रेस के खाते में राज्य की 40 में से सिर्फ 11 सीटें जाती हुई दिख रही थीं। वहीं उसकी सहयोगी गोवा फॉरवर्ड पार्टी को सिर्फ 1 सीटों पर जीत मिली है। इनके मुकाबले बीजेपी को 20 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है और उसके अब सरकार बनाने के लिए 1 विधायक के समर्थन की जरूरत है।
उत्तर प्रदेश में इस बार कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की अगुआई में काफी ताकत झोंकी दी, हालांकि इसके बावजूद पार्टी की सीटें ऐतिहासिक रूप से अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गई है। शाम 4 बजे तक कांग्रेस राज्य की 403 सीटों में से सिर्फ दो सीटों पर आगे थीं। वहीं बीजेपी की अगुआई वाला गठबंधन 264 सीटों पर बढ़त के साथ एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाता हुआ दिखा रहा है। सपा गठंबधन के खाते में 134 सीटें जाती दिख रही हैं।
मणिपुर में भी कांग्रेस को एक बार फिर विपक्ष में बैठना पड़ेगा। राज्य की 60 सीटों में कांग्रेस को सिर्फ 4 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं बीजेपी को 31 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है, जबकि 25 सीटों पर अन्य पार्टियों के उम्मीवार जीत की ओर बढ़ रहे हैं।