अपने ही आरोपों पर घिरीं आतिशी! BJP ने AAP नेता को भेजा मानहानि का नोटिस, कहा- सबूत दो, नहीं तो माफी मांगो
AAP नेता आतिशी ने दावा किया, BJP ने एक बेहद करीबी व्यक्ति के जरिए मुझसे संपर्क किया था, जिसने मुझे सुझाव दिया कि अपने राजनीतिक करियर को बचाने के लिए मुझे बीजेपी में शामिल हो जाना चाहिए। नहीं तो मुझे एक महीने के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इन आरोपों के जवाब में ही दिल्ली BJP ने उन्हें मानहानि का नोटिस भेजा है
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई ने आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता आतिशी (Atishi) को मानहानि नोटिस (Defamation) भेजा है। क्योंकि उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें अपने एक बेहद करीबी व्यक्ति की ओर से ये कहा गया था कि वह या तो बीजेपी में शामिल हो जाएं या फिर ED उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। उनके इस आरोप पर BJP ने आतिशी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है।
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने एक दिन पहले दावा किया था कि उनके सहित 'AAP' के चार वरिष्ठ नेताओं को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। आतिशी ने यह भी दावा किया था कि उन्हें या तो भाजपा में शामिल होने या फिर एक महीने के भीतर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की तरफ से गिरफ्तार किए जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया था।
BJP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आतिशी को मानहानि नोटिस भेज दिया गया है और उनसे अपने दावे के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है।
उन्होंने कहा, "आतिशी सबूत देने में विफल रहीं कि उनसे किसने, कब और कैसे संपर्क किया था। दिल्ली में AAP संकट का सामना कर रही है, जिस कारण वह हताशा में इस तरह के झूठे और निराधार आरोप लगा रही है। लेकिन हम उन्हें बचकर नहीं जाने देंगे।"
सचदेवा ने आतिशी से अपने दावे को साबित करने के लिए अपना फोन जांच एजेंसी को सौंपने को कहा।
BJP ने आतिशी से मांगा इन सवालों का जवाब
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा आतिशी आदतन इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगाती रही हैं। उन्होंने झूठा, खुद गढ़ा हुआ ब्यान दिया है। उन्होंने आरोपों पर सवाल उठाया-
- कोई ठोस या सही जानकारी नहीं दी
- किसने संपर्क किया यह नहीं बताया
- कब संपर्क किया यह नही बताया
- जिसने संपर्क किया वो नजदीकी व्यक्ति था कौन? किसके निर्देश पर बात की यह भी नही बताया।
उन्होंने कहा, "आतिशी या उनकी पार्टी जब भी राजनीतिक हालात में घिर कर जवाबदेह होते हैं, तो यही विधायक तोड़ने या नेताओं की गिरफ्तारी की कहानी सुनाती हैं। दो बार हाल ही में पहले भी ऐसा कर चुकी हैं, लेकिन सबूत नहीं देतीं।"
आतिशी को मानहानि का नोटिस पार्टी के मीडिया प्रमुख और प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर की ओर से दिया गया है।
BJP की दिल्ली इकाई के वकील ने कहा कि पार्टी ने आतिशी को अपना बयान वापस लेने के लिए मानहानि नोटिस भेजा है। वकील ने बयान को 'झूठा, अपमानजनक और मनगढ़ंत' करार दिया और दावा किया कि यह बयान 'गलत इरादे' से दिया गया था।
उन्होंने कहा कि अगर आतिशी अपने दावे को साबित करने में विफल रहती हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आतिशी ने लगाए थे गंभीर आरोप
दिल्ली की मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर अगर अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देते हैं, तो ये बीजेपी के लिए मुख्यमंत्रियों को झूठे मामलों में सलाखों के पीछे भेजकर सरकारें गिराने के लिए ‘सरल और सीधी मानक संचालन प्रक्रिया’ बन जाएगा।
उन्होंने कहा, "BJP को समझ आ गया है कि केवल केजरीवाल को जेल भेजने से आम आदमी पार्टी को तोड़ा नहीं जा सकता और अब उसका टारगेट मुझे और पार्टी के दूसरे नेताओं- सौरभ भारद्वाज, राघव चड्ढा और दुर्गेश पाठक को गिरफ्तार करवाना है।"
AAP नेता ने दावा किया, "BJP ने एक बेहद करीबी व्यक्ति के जरिए मुझसे संपर्क किया था, जिसने मुझे सुझाव दिया कि अपने राजनीतिक करियर को बचाने के लिए मुझे बीजेपी में शामिल हो जाना चाहिए। नहीं तो मुझे एक महीने के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
BJP के टारगेट पर AAP के ये नेता?
आतिशी ने दावा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) की रविवार को रामलीला मैदान में हुई रैली की सफलता से BJP घबरा गई है।
उन्होंने कहा, "BJP को उम्मीद थी कि आप के शीर्ष नेताओं- केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद पार्टी बिखर जाएगी, लेकिन अब लगता है कि अगले टॉप चार दूसरे नेताओं को जेल भेजने की तैयारी कर रहे हैं।"
दिल्ली की मंत्री ने कहा, ‘‘ मैं भाजपा को कहना चाहती हू कि हम आपकी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। हम केजरीवाल के सिपाही और भगत सिंह के शिष्य हैं। हम देश को बचाने और लोगों की भलाई के लिए आखिर तक लड़ेंगे।’’