BJP Manifesto: सख्त 'लव जिहाद' कानून, रामायण यूनिवर्सिटी, किसानों को मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए फ्री सिलेंडर से लेकर स्कूटी तक, पढ़िए BJP घोषणापत्र की बड़ी बातें

मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत मुफ्त स्कूटी देने, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये करने का वादा किया गया है, वहीं उज्ज्वला योजना के तहत सभी लाभार्थियों को होली और दीपावली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा

अपडेटेड Feb 08, 2022 पर 2:02 PM
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने BJP का घोषणा पत्र 'लोक कल्याण संकल्प पत्र' नाम से जारी किया, इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पाार्टी का घोषणा पत्र 'लोक कल्याण संकल्प पत्र' (Lok Kalyan Sankalp-Patra) नाम से जारी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा दिनेश शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष व मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी मौजूद रहे।

Electric Vehicles में कनवर्ट हो सकेंगे पुराने डीजल-पेट्रोल वाहन, दिल्ली सरकार की पहल

बीजेपी का यह घोषणा पत्र पिछली छह फरवरी को ही जारी होना था लेकिन 'भारत रत्न' गायिका लता मंगेशकर के निधन के कारण वह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। गृह मंत्री ने बटन दबाकर बीजेपी का एक नया चुनावी गीत भी जारी किया।


‘लव जिहाद’ और रामायण यूनिवर्सिटी के मुद्दे भी शामिल

बीजेपी के नए संकल्प पत्र में मुख्य रूप से कथित ‘लव जिहाद’ के दोषी लोगों को कम से कम 10 वर्षों की सजा और एक लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान करने, अयोध्या में भगवान राम से संबंधित संस्कृति शास्त्रों तथा धार्मिक तथ्यों पर शोध के लिए रामायण विश्वविद्यालय की स्थापना करने और वर्ष 2025 के महाकुंभ का विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ भव्य आयोजन करने का वादा किया गया है।

किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली

इसके अलावा घोषणापत्र में अगले पांच वर्षों तक किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने, 25,000 करोड़ रुपये की लागत से सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि अवसंरचना मिशन संचालित करने, 5000 करोड़ की लागत से गन्ना मिलों के नवीनीकरण मिशन के तहत चीनी मिलों का नवीनीकरण और आधुनिकीकरण करने, प्रदेश में छह मेगा फूड पार्क विकसित करने और निषाद राज बोर्ड सब्सिडी योजना शुरू करके मछुआरों को एक लाख रुपये तक की नाव 40 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।

बीजेपी ने कहा है कि सालों में एमएसपी पर गेहूं और धान की खरीद को और मजबूत करेंगे। साथ ही गन्ना किसानों को 14 दिनों के भीतर भुगतान किया जाएगा और देरी होने पर भुगतान के लिए मिलों से ब्याज वसूल करके गन्ना किसानों को ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की इकॉनमी को पहले स्थान पर लाने का वादा करते हुए हर व्यक्ति की आय को दोगुना करने को लेकर प्रतिबद्धता जताई गई है।

महिलाओं के लिए फ्री सिलेंडर से लेकर स्कूटी तक का वादा

इसके अलावा मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत मुफ्त स्कूटी देने, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये करने का वादा किया गया है।

साथ ही घोषणा पत्र में साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी लाभार्थियों को होली और दीपावली पर दो मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने, विधवा और निराश्रित महिलाओं की पेंशन को बढ़ाकर डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह करने और का वादा भी किया गया है। मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह अनुदान योजना को 1 लाख तक की वित्तीय सहायता प्रदान करने का वादा किया गया है।

स्मार्ट विद्यालय के तौर पर विकसित होंगे प्राथमिक विद्यालय

घोषणा पत्र में प्राथमिक विद्यालयों को स्मार्ट विद्यालय के तौर पर विकसित करने, हर मंडल में कम से कम एक विश्वविद्यालय की स्थापना करने, सभी महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जीवन कथा को शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल करने और सभी सरकारी विभागों में खाली पदों को जल्द से जल्द भरने का भी संकल्प लिया गया है। अमित शाह ने कहा कि इच्छुक युवाओं को UPSC, UPPSC, NDA जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग प्रदान करेंगे। हर ब्लॉक में एक ITI की स्थापना की जाएगी।

इसके अलावा हर ग्राम पंचायत में जिम और खेल का मैदान स्थापित करने, हर विकासखंड में क्रिकेट प्रशिक्षण की व्यवस्था करने तथा प्रदेश में विभिन्न खेलों के लिए अकादमी की स्थापना करने, स्कूल और कॉलेज स्तर पर योग शिक्षकों की नियुक्ति करने, प्रदेश में 30,000 करोड़ रुपये की लागत से छह धन्वंतरि मेगा हेल्थ पार्क स्थापित करने, राज्य में 6000 डॉक्टरों और 10,000 पैरामेडिकल स्टाफ की जल्द नियुक्ति करने का वादा भी किया गया है।

तीन करोड़ नई नौकरियों का वादा

बीजेपी ने अगले पांच वर्षों में तीन करोड़ नई नौकरियों का वादा किया, जिसमें प्रत्येक परिवार को एक नौकरी भी शामिल है। पार्टी ने कहा कि हम प्रति व्यक्ति आय को दोगुना कर उत्तर प्रदेश को राज्य की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाएंगे। पार्टी ने आगे कहा कि वह लता मंगेशकर इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स की स्थापना करेगी।

इसके तहत लोक नृत्य, संगीत और रंगमच को प्रोत्साहन दिया जाएगा। प्रदेश में शूट होने वाली हिंदी, भोजपुरी, अवधी और ब्रज भाषा की फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए 2 करोड़ रुपए तक की नकद प्रोत्साहन राशि, बिजली, सब्सिडी एवं टैक्स सब्सिडी दी जाएगी। अगले 5 साल में हर परिवार में कम से कम रोजगार या स्वरोजगार का अवसर प्रदान करने का वादा किया गया है।

अमित शाह ने की योगी सरकार की तारीफ

गृह मंत्री अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि पांच साल पहले इसी जगह बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के विकास का एक दस्तावेज अपने संकल्प पत्र के रूप में जनता के सामने रखा था। आज मैं बड़े संतोष के साथ कह सकता हूं कि पिछले पांच साल प्रदेश में हर क्षेत्र में विकास और उपलब्धियों के साल रहे हैं और इस दौरान उत्तर प्रदेश के भविष्य की नींव डाली गई।

उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच साल के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार ने राजनीति को अपराधीकरण से पूरी तरह मुक्त करने का काम किया है। साथ ही प्रशासन के राजनीतिकरण से भी उत्तर प्रदेश को मुक्त किया गया है। इसी वजह से हम अपने संकल्प पत्र के तमाम वादों को पूरा कर सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।