Get App

ममता बनर्जी को एक और झटका, राजीव बनर्जी ने TMC विधायक पद से दिया इस्तीफा

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मैं दोमजूर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा करता रहूंगा

MoneyControl Newsअपडेटेड Jan 30, 2021 पर 10:00 AM
ममता बनर्जी को एक और झटका, राजीव बनर्जी ने TMC विधायक पद से दिया इस्तीफा

पश्चिम बंगाल (West Bengal Assembly Election) में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की लगातार मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) के वरिष्ठ नेता राजीव बनर्जी (Rajib Banerjee) ने शुक्रवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। इससे कुछ दिन पहले ही 22 जनवरी को उन्होंने पश्चिम बंगाल के ममता बनर्जी मंत्रिमंडल (Mamata Banerjee Cabinet) से भी त्यागपत्र दे दिया था। उन्हें ममता ने राज्य के वन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी।

दोमजूर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले राजीव बनर्जी ने विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा। दो बार विधायक चुन गए बनर्जी ने कहा कि मैंने राज्य विधानसभा के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। मैंने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा है। मैं पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मुझे जनता की सेवा करने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मैं दोमजूर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा करता रहूंगा।

बनर्जी के इस्तीफे से इस साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) को एक और झटका लगा है। इससे पहले पश्चिम बंगाल के युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ला ने पांच जनवरी को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। शुक्ला के इस्तीफा के पहले राज्य के परिवहन मंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पार्टी छोड़ दी थी और BJP में शामिल हो गए थे। 294 सदस्यी बंगाल विधानसभा के चुनाव इस वर्ष अप्रैल-मई में होने वाले हैं।

मंत्रियों के अलावा तृणमूल कांग्रेस के कई विधायकों ने भी सत्तारूढ़ पार्टी छोड़ दी है जिसमें शीलभद्र दत्ता, बिश्वजीत कुंडू, दीपाली बिश्वास और शुकरा मुंडा शामिल हैं। मंत्री पद और विधायक पद  से इस्तीफा देने के बाद अब राजीव बनर्जी के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि BJP के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 और 31 जनवरी को बंगाल दौरे पर जा रहे हैं। उस दौरान वह BJP का दामन थाम सकते हैं। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें