Delhi Assembly Elections: पांच फरवरी को राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं। वहीं वोटिंग से पहले दिल्ली की सियासत अपने चरम पर है। कांग्रेस, भाजपा से लेकर आम आदमी पार्टी तक सभी एक दूसरे पर खूब हमलावर हैं। दिल्ली की सत्ता से करीब दो दशक से दूर भाजपा इस बार वापसी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ती दिख रही है।
वहीं सियासी आरोप -प्रत्यारोप के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। दिल्ली चुनाव से पहले पीएम की तारीफ करते हुए सीएम चंद्रबाबू नायडू ने उन्हें देश का ही नहीं बल्कि ग्लोबल लीडर तक बता दिया है।
पीएम मोदी को लेकर कही ये बात
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी विकास के पक्षधर हैं और मैं उनसे प्रेरणा लेता हूं। पीएम अब सिर्फ एक भारतीय नेता नहीं हैं, बल्कि एक ग्लोबल लीडर हैं। वह सभी वैश्विक नेताओं की तुलना में बहुत ऊंचे स्थान पर हैं। तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने दिल्ली के शाहदरा में आयोजित एक चुनावी रैली में भाजपा के लिए प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला किया।
भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार करते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने AAP सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि, यदि भाजपा ने दिल्ली पर शासन किया होता तो यह वाशिंगटन, डी.सी. के बराबर का शहर बन गया होता। तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख ने दिल्ली के गंभीर वायु प्रदूषण को लेकर पर आप सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने राजधानी में गंभीर वायु प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि, शहर दोनों पर्यावरणीय और राजनीतिक प्रदूषण से ग्रस्त है। सीएम नायडू ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नेतृत्व में भारत को आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व में भारत और समृद्ध होगा, हम सभी को उन पर गर्व है।