दिल्ली विधानसभा चुनाव में दो हफ्ते बचे हैं और ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। नई दिल्ली सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निर्वाचन क्षेत्र में पंजाब की सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। पंजाब में AAP की ही सरकार है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्मा ने आरोप लगाया कि अपने विधानसभा क्षेत्र में हार के डर से केजरीवाल सिर्फ दिखावे के लिए पंजाब सरकार का इस्तेमाल कर नई दिल्ली की झुग्गियों में चाइनीज CCTV कैमरे लगवा रहे हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, AAP के मंत्रियों और विधायकों के साथ पार्टी के लिए प्रचार करने के लिए दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं, जबकि पंजाब में शासन ठप्प हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने BJP नेता की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी और BJP और गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने को कहा।
BJP नेता ने X पर लिखा, "पंजाब की पूरी AAP सरकार, मुख्यमंत्री, मंत्री और सभी विधायक दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। पंजाब में कोई काम नहीं हो रहा है, नई दिल्ली में चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है। जो काम अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली में नहीं कर पाए और अब हार रहे हैं, वह पंजाब के ठेकेदार चुपचाप कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे दावा किया कि "जल्दबाजी में" लगाए गए चाइनीज CCTV कैमरे सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करते हैं।
उन्होंने कहा, "वे यहां प्रचार करने नहीं आए हैं, बल्कि वोट खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। आज दिल्ली पुलिस ने उनके दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया, जिनमें से एक खुद को पंजाब सरकार का टिचर बता रहा है।"
प्रवेश वर्मा ने कहा, "पंजाब नंबर प्लेट वाली गाड़ियां दिल्ली में बड़ी संख्या में घूम रही हैं। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारियां चल रही हैं। वे यहां ऐसा क्या करने की योजना बना रहे हैं, जिससे हमारी सुरक्षा को खतरा हो सकता है?"
भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल का पलटवार
वर्मा के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने BJP पर पंजाबियों का अपमान करने का आरोप लगाया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने की मांग की।
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, "दिल्ली देश की राजधानी है। हर राज्य से लोग यहां आते हैं। यह बेहद खतरनाक, चिंताजनक और पंजाबियों का अपमान है। वे पंजाब नंबर की गाड़ियों पर निशान साध रहे हैं और पूछ रहे हैं कि पंजाब की गाड़ियां दिल्ली में क्यों घूम रही हैं? वे ऐसा कह रहे हैं, जैसे पंजाबी देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। यह मेरे और देश के हर पंजाबी के लिए बेहद अपमानजनक है।"
उन्होंने कहा, "अमित शाह जी, आप न तो देश की सीमा को सुरक्षित रख पा रहे हैं और न ही दिल्ली को। इतने हजारों बांग्लादेशी और रोहिंग्या देश में आ रहे हैं, क्या आपको उनसे कोई परेशानी नहीं है? लेकिन आप पंजाब से दिल्ली आ रहे पंजाबियों को देश के लिए खतरा बता रहे हैं। आपको पंजाबियों से माफी मांगनी चाहिए।"