शिवसेना प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने गोवा में विपक्षी नेताओं के फोन टैप (Goa Phone Tapping) होने का आरोप लगाया है। संजय राउत से पहले गोवा कांग्रेस ने भी एक दिन पहले बीजेपी पर अपने नेताओं के फोन टैप कराने का आरोप लगाया था। संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में जिस तरह फोन टैपिंग किया गया, उसी को अब गोवा में दोहराया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यूपी में अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को लेकर भी चिंता जताई।
संजय राउत ने न्यूज एजेंसी ANI को दिए एक बयान में कहा, "इस देश में जो विपक्ष के नेता हैं और खासकर जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां के बहुत से नेताओं के फोन टैप किए जा रहे हैं। कल ही गोवा में कांग्रेस की ओर से फोन टैप मामले में जनता को बड़ी जानकारी मिली है।"
शिवसेना सांसद ने आगे कहा, "ये सच है कि महाराष्ट्र में भी ऐसा ही हुआ था जो ऑन रिकॉर्ड है। गोवा में यही महाराष्ट्र पैर्टन चल रहा है। ये संयोग की बात है कि उस समय जो महाराष्ट्र के नेता थे वो गोवा के प्रभारी हैं। फोन टैपिंग शायद उत्तर प्रदेश में भी चल रहा होगा, मुझे अखिलेश यादव की भी चिंता है।" बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस समय बीजेपी के गोवा प्रभारी हैं और राउत ने इस बयान के जरिए बिना नाम लिए फडणवीस पर निशाना साधा है।
संजय राउत ने शनिवार सुबह को एक ट्वीट के जरिए आरोप लगाया कि गोवा में महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदीन धावलीकर, गोवा फारवर्ड पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई, कांग्रेस नेता और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर का फोन टैप किया जा रहा है।
संजय राउत ने अपने ट्वीट में कहा, "महाराष्ट्र के नेताओं का जिस तरह फोन टैप किया गया, उसी तर्ज पर अब गोवा में फोन सर्विलांस हो रहा है। सुदीन धावलीकर, विजय सरदेसाई, दिगंबर कामत और गिरीश चोडनकर के फोन कॉल्स टैप किए जा रहे हैं। देश जानना चाहता है कि आखिरी इस टैपिंग को अंजाम देने वाला गोवा का 'रश्मि शुक्ला' कौन है?"
बता दें कि रश्मि शुक्ला एक IPS ऑफिसर हैं, जिन पर महाराष्ट्र के नेताओं का फोन टैप करने का आरोप है। रश्मि शुक्ला के खिलाफ इस मामले में दो एफआईआर दर्ज है और वह जांच का सामना कर रही हैं।
इससे पहले शुक्रवार को गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर और विपक्ष के नेता दिगंबर कामत ने एक प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया था कि बीजेपी एक निजी एजेंसी के जरिए उनकी पार्टी के कई नेताओं के फोन कथित रूप से टैप करवा रही है। कामत की अगुआई में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने गोवा के DGP से मुलाकात कर इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई है।