आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब से इस साल भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) को राज्यसभा में भेज सकती है। सूत्रों के अनुसार, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने हरभजन सिंह को राज्यसभा की सीट देने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि भज्जी या आम आदमी पार्टी की तरफ से अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।
आम आदमी पार्टी को इस महीने के अंत तक राज्यसभा में पांच सीटें मिलने वाली हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब की नवगठित राज्य सरकार हरभजन सिंह को एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की कमान भी सौंप सकती है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित करने का वादा किया है। फरवरी में हुए पंजाब चुनाव से ठीक पहले हरभजन सिंह के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें जोरों पर थीं। हालांकि, भज्जी ने बाद में इन अफवाहों को खारिज कर दिया।
आम आदमी पार्टी की जीत के तुरंत बाद हरभजन सिंह उर्फ भज्जी ने भगवंत मान को बधाई दी थी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा था कि आम आदमी पार्टी और मेरे दोस्त भगवंत मान को हमारा नया मुख्यमंत्री बनने पर बधाई... यह सुनकर बहुत अच्छा लगा कि वह भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे...क्या तस्वीर है...यह गर्व का क्षण है माता जी के लिए।
बता दें कि आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता भगवंत मान पंजाब के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। भगवंत मान का शपथ ग्रहण समारोह पंजाब के नवांशहर में महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में हुआ।
गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ प्रचंड जीत मिली थी। AAP ने राज्य की 117 विधानसभा सीट में से 92 पर जीत दर्ज की है। वहीं, कांग्रेस को 18, बीजेपी को 2, बीएसपी 1 और शिरोमणि अकाली दल को 3 सीटें मिली थीं। भगवंत मान ने धूरी सीट से 58,206 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की है।