Haryana Election 2024: JJP और आजाद समाज पार्टी के बीच हुआ गठबंधन, सीट-बंटवारे पर बात हुई फाइनल

चंद्रशेखर आजाद ने भी इसी भावना को दोहराया और विश्वास जताया कि गठबंधन हरियाणा में अहम बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा, "समय बदल गया है और आप इसका असर हरियाणा में देखेंगे।" बीजेपी की नजर लगातार तीसरी बार सत्ता पर टिकी है, जबकि कांग्रेस का लक्ष्य राज्य में दोबारा सत्ता हासिल करना है। जेजेपी-आजाद समाज पार्टी अब राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए तीसरा मोर्चा बनाना चाहती है

अपडेटेड Aug 27, 2024 पर 5:59 PM
Haryana Election 2024: JJP और आजाद समाज पार्टी के बीच हुआ गठबंधन

दुष्‍यंत चौटाला के नेतृत्‍व वाली जननायक जनता पार्टी (JJP) ने चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (ASP) के साथ गठबंधन किया है। दोनों पार्टियों ने मंगलवार को ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह घोषणा की। समझौते के तहत आगामी चुनाव में JJP 70 सीटों पर, जबकि आजाद समाज पार्टी 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चंद्रशेखर आजाद ने समर्थन दिखाते हुए, दुष्यंत चौटाला को हरियाणा का "पूर्व उपमुख्यमंत्री और भावी मुख्यमंत्री" बताया।

राज्य के भविष्य के लिए गठबंधन की प्रतिबद्धता पर जोर डालते हुए, आजाद ने कहा, "हम दोनों अगले 40-50 सालों तक किसानों की आवाज उठाना जारी रखेंगे। हमारी कोशिश हरियाणा के भविष्य के लिए एक मजबूत आधार सुनिश्चित करेंगे, किसानों की आय में सुधार करेंगे और शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाएंगे।"

JJP नहीं करेगी BJP से गठबंधन


उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी पार्टी बीजेपी के साथ गठबंधन नहीं करेगी और कहा, "मैं जानता हूं कि बीजेपी अपने सहयोगियों को कैसे तोड़ती है।"

चंद्रशेखर आजाद ने भी इसी भावना को दोहराया और विश्वास जताया कि गठबंधन हरियाणा में अहम बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा, "समय बदल गया है और आप इसका असर हरियाणा में देखेंगे।"

आजाद ने समर्थकों से राज्य में "नई क्रांति" के लिए तैयार रहने का आग्रह करते हुए घोषणा की। उन्होंने कहा, "जब मैंने उनसे (चौटाला) बात की, तो मुझे लगा कि उनमें हरियाणा को आगे ले जाने की इच्छा है। मुझे विश्वास है कि हम मजबूती से किसानों की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।"

इन मुद्दों पर लड़ेंगे चुनाव

आजाद ने मीडिया बताया, "मुद्दे साफ हैं, युवाओं के लिए रोजगार, गरीबों को महंगाई से राहत, सामाजिक न्याय और निजीकरण खत्म करना, प्रमोशन में आरक्षण, MSP, बेहतर कानून व्यवस्था... हमें उम्मीद है कि हमारा गठबंधन सभी 90 सीटें जीतेगा।"

चुनाव आयोग ने घोषणा की थी कि हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Election 2024) 1 अक्टूबर को एक ही चरण में आयोजित किए जाएंगे, जिसके नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे।

बीजेपी की नजर लगातार तीसरी बार सत्ता पर टिकी है, जबकि कांग्रेस का लक्ष्य राज्य में दोबारा सत्ता हासिल करना है। जेजेपी-आजाद समाज पार्टी अब राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए तीसरा मोर्चा बनाना चाहती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।