Himachal Election Result 2022: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में कांग्रेस को अब बढ़त मिल गई है। कांग्रेस ने रुझानों में बहुमत हासिल कर लिया है। हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा सीटों पर विपक्षी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच कांटे की टक्कर है। हालांकि, चुनाव आयोग के रुझानों में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। सभी 68 सीटों के रुझान में कांग्रेस 40 सीटों पर आगे है, जबकि बीजेपी 24 सीटों पर आगे है। तीन सीटों पर निर्दलीय आगे चल रहे हैं।
इस बीच, हिमाचल प्रदेश को लेकर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के दो सीनियर ऑब्जर्वर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupendra Singh Hooda) प्रभारी राजीव शुक्ला (Rajeev Shukla) के साथ आज हिमाचल के लिए रवाना होंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस को अपने विधायकों की सुरक्षा की चिंता है। बता दें कि बीजेपी के सामने जहां गुजरात और हिमाचल प्रदेश के अपना किला बचाने की चुनौती है, तो कांग्रेस ने चुनाव में दोनों राज्यों की सत्ता से भगवा पार्टी को बेदखल करने के लिए पूरी कोशिश लगाई। वहीं, अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली AAP के सामने खुद को साबित करने की चुनौती है।
CM जयराम ठाकुर रिकॉर्ड 7वीं बार जीते
सराज सीट से CM जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के चेतराम ठाकुर को रिकॉर्ड 20,000 से ज्यादा वोटों से हरा दिया है। वहीं, मंडी जिले की सुंदरनगर सीट पर BJP के राकेश जमवाल ने कांग्रेस के सोहन लाल ठाकुर को 8,125 वोट से हराया है। CM ठाकुर के गृह जिले में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रही है। 10 में 5 सीटें बीजेपी ने जीती हैं, बाकी 5 सीटों पर भी भगवा पार्टी आगे चल रही है।
गुजरात में बीजेपी की प्रचंड जीत
गुजरात के चुनावी रुझानों के अनुसार, सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) रिकॉर्ड तोड़ती दिखाई दे रही है। गुजरात में बीजेपी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। भगवा पार्टी ने 1995 से राज्य में कोई विधानसभा चुनाव नहीं हारा है। चुनाव आयोग के अनुसार, बीजेपी 154 सीट पर, कांग्रेस 18 और आम आदमी पार्टी (AAP) 6 सीट पर आगे चल रही है। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना राज्य के 37 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में गुरुवार सुबह शुरू हुई।