Himani Narwal Murder: कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की सूटकेस में मिली लाश, पार्टी ने की हाई-लेवल जांच की मांग

Himani Narwal Murder Case: हरियाणा के रोहतक से एक बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां कांग्रेस की महिला नेता हिमानी नरवाल की हत्या कर दी गई है। महिला नेता की लाश एक सूटकेस में मिली है। महिला नेता की हत्या की बात सामने आने पर कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस पार्टी ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है

अपडेटेड Mar 02, 2025 पर 11:30 AM
Story continues below Advertisement
Himani Narwal Murder Case: रोहतक में सांपला बस स्टैंड के पास एक नीले रंग के सूटकेस ने सनसनी फैल गई।

हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हिमानी की लाश एक सूटकेस में मिली है। पुलिस ने सूटकेस खोला, तो अंदर एक युवती का शव था। गले में चुन्नी कसी थी। हाथ में मेहंदी लगी थी। हिमानी पार्टी की सक्रिया कार्यकर्ता थीं। घटना सांपला इलाके की है। शव देखकर अनुमान लगाया जा रहा था कि किसी ने बेरहमी से हत्या कर लाश को सूटकेस में बंद कर फेंक दिया है। हिमानी, राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा में शामिल हुई थीं। वो राहुल गांधी के साथ नजर भी आईं थीं।

पिछले साल संपन्न हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी वो काफी एक्टिव रहीं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के चुनाव प्रचार में भी शामिल हुई थीं। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता के सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर सूबे का सियासी पारा चढ़ने लगा है। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने मामले में एसआईटी जांच की मांग की है।

हिमानी तीन दिन से थीं लापता


हिमानी तीन दिन से लापता थी और किसी की शादी में गई थी। इसलिए उसके हाथ में मेहंदी लगी थी। हिमानी के बड़े भाई की भी करीब 12 साल पहले हत्या कर दी गई थी, जबकि उसके पिता शेर सिंह ने दस साल पहले सुसाइड कर लिया था। इसके बाद मां हिमानी और उसके छोटे भाई जतिन को लेकर दिल्ली चली गई। हिमानी पांच माह से रोहतक में अकेली रह रही थी। हिमानी नरवाल ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे और कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी विधायक बीबी बत्रा के साथ अपनी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं। हरियाणा कांग्रेस प्रमुख हुड्डा ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि "राज्य की कानून व्यवस्था ठीक नहीं है। हुड्डा ने घटना की "उच्च स्तरीय" और "निष्पक्ष" जांच की भी मांग की है।

पुलिस जांच पड़ताल में जुटी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहतक में सांपला फ्लाईओवर के पास एक सूटकेस में महिला की लाश मिली थी। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान रोहतक के विजय नगर की निवासी के रूप में हुई। महिला की उम्र करीब 22 साल है। कुछ राहगीरों ने सूटकेस देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। सांपला थाने के निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है।

कौन थीं हिमानी नरवाल?

हिमानी नरवाल कांग्रेस कार्यकर्ता थीं। वह सोनीपत के कथूरा गांव की रहने वाली थी। वह युवा कांग्रेस रोहतक ग्रामीण की जिला उपाध्यक्ष भी थीं। उनकी गिनती कांग्रेस की साहसी, जागरूक और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में होती थी। भारत जोड़ो यात्रा हो या कांग्रेस का कोई अन्य अभियान, हिमानी ने हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाया था। उन्होंने वकालत की पढ़ाई की थी और रोहतक में किराए पर रहती थीं। हिमानी रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा के कार्यक्रमों में ज्यादादर शामिल रहती थीं। वह कांग्रेस की रैलियों और सामाजिक कार्यक्रमों में हरियाणवी लोक कलाकारों के साथ प्रदर्शन करने के लिए भी जानी जाती थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।