'अगर मैं सबसे बड़ा ठग, तो केजरीवाल महा ठग', सुकेश चंद्रशेखर ने लिखा एक और पत्र, BJP ने मांगा इस्तीफा, AAP ने भी दिया जवाब

सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrasekhar) ने मीडिया को लिखे एक ‘पत्र’ में आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी ने उसे '20 से ज्यादा लोगों से पार्टी के लिए 500 करोड़ रुपए वसूलने' के लिए मजबूर किया था

अपडेटेड Nov 05, 2022 पर 10:29 PM
Story continues below Advertisement
सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को बताया 'महा ठग'

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrasekhar) के आरोपों को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधते हुए पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के इस्तीफे की मांग की। जेल में बंद अपराधी सुकेश चंद्रशेखर ने एक और पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि दिल्ली उपराज्यपाल को उसकी शिकायत सार्वजनिक होने के बाद AAP नेता सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) और तिहाड़ जेल के पूर्व-DG (जेल) उन्हें धमका रहे हैं।

सुकेश चंद्रशेखर ने मीडिया को लिखे एक ‘पत्र’ में आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी ने उसे '20 से ज्यादा लोगों से पार्टी के लिए 500 करोड़ रुपए वसूलने' के लिए मजबूर किया था।

सुकेश चंद्रशेखर ने दावा किया कि उसने आम आदमी पार्टी को 50 करोड़ रुपए से ज्यादा दिए और AAP ने उसे राज्यसभा भेजने का वादा किया था। हालांकि, AAP ने सुकेश के इन आरोपों को खारिज कर दिया है।


उसने पत्र में कहा, “मिस्टर केजरीवाल, मैं आपके हिसाब से देश का सबसे बड़ा ठग हूं। फिर आपने मुझसे 50 करोड़ रुपए क्यों लिए और मुझे राज्यसभा सीट की पेशकश की? इससे आप क्या हुए- 'महा ठग'?"

सुकेश के आरोपों के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) पर पलटवार करते हुए, BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने केजरीवाल से सवाल किया कि क्या ‘वह अपने मंत्री कैलाश गहलोत के फार्महाउस’ पर ठग से मिले थे। पूनावाला ने जानना चाहा कि इस दौरान क्या चर्चा हुई।

'भ्रष्टाचार में AAP जीतती गोल्ड मेडल'

पूनावाला ने यह भी कहा कि अगर भ्रष्टाचार के लिए एक स्वर्ण पदक होता, तो आम आदमी पार्टी जरूर एक गोल्ड मेडल जीतती। BJP नेता ने AAP पर भ्रष्टाचार के आरोपों का पीड़ित होने का कार्ड खेलने का भी आरोप लगाया।

BJP नेता ने कहा, "आबकारी घोटाले, क्लास निर्माण घोटाले और दो लाख श्रमिकों के फर्जी रजिस्ट्रेशन पर सवाल पूछे जाने पर आम आदमी पार्टी ने पीड़ित होने का कार्ड खेलना शुरू कर दिया है।"

BJP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि चंद्रशेखर का कहना है कि उसने आम आदमी पार्टी को पैसे दिए हैं। यह ‘‘बहुत गंभीर’’ आरोप हैं और इसे लेकर पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

शहजाद पूनावाला ने यह भी मांग की कि केजरीवाल दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन और गहलोत को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। जैन, वर्तमान में धनशोधन मामले में जेल में बंद हैं।

जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन ने जेल में उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 2019 में 10 करोड़ रुपए वसूले थे।

AAP को 50 करोड़ रुपए से ज्यादा देने का आरोप

चंद्रशेखर दिल्ली मंडोली जेल में बंद है और उसने सात अक्टूबर को पत्र लिखा था। चंद्रशेखर के वकील अशोक सिंह ने आठ अक्टूबर को वह पत्र उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना को सौंपा था।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि चंद्रशेखर को दक्षिणी क्षेत्र में पार्टी में कोई महत्वपूर्ण पद देने और राज्यसभा के लिए नामांकन में मदद के लिए आम आदमी पार्टी को 50 करोड़ रुपए से ज्यादा दिए गए।

चंद्रशेखर ने दावा किया कि उसने केजरीवाल, जैन और AAP के एक और मंत्री कैलाश गहलोत के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की डिटेल देते हुए बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल को एक और शिकायत सौंपी है।

चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने उसे 'अपनी पार्टी के लिए 500 करोड़ रुपए का योगदान करने के लिए 20 से ज्यादा लोगों को लाने के लिए कहा था।'

उसने केजरीवाल से पूछा, "अगर आपको लगता है कि मैं सबसे बड़ा ‘ठग’ हूं, तो आपने मुझसे 50 करोड़ रुपए क्यों लिए।"

'मैंने सत्येंद्र जैन को 10 करोड़ रुपए प्रोटेक्शन मनी दी', ठग सुकेश चंद्रशेखर के पत्र से बवाल, केजरीवाल बोले- मोरबी की घटना से ध्यान भटकाने की साजिश

उपराज्यपाल को लिखे पत्र में आरोप लगाया गया था कि उसने ‘AAP’ को 50 करोड़ से ज्यादा रुपए दिये थे। AAP ने चंद्रशेखर को दक्षिण भारत में पार्टी में एक अहम पद देने का वादा किया था।

AAP की वरिष्ठ नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED), CBI, इनकम टैक्स, उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस की नाकामियों के बाद बीजेपी AAP के खिलाफ मदद के लिए देश के ‘‘सबसे बड़े ठग’’ के पास गई है।

इस बीच AAP नेता आतिशी ने कहा कि चंद्रशेखर BJP के 'स्टार प्रचारक' बन गए हैं। उन्होंने दावा किया कि चंद्रशेखर को दिल्ली में MCD चुनाव और गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले जेल से रिहा कर दिया जाएगा और BJP में शामिल कर लिया जायेगा। उन्होंने दावा किया कि BJP को गुजरात और MCD चुनाव हारने का डर है, इसलिए वे AAP पर रोज बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

Shubham Sharma

Shubham Sharma

First Published: Nov 05, 2022 10:26 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।