Kalicharan Maharaj: रायपुर धर्म संसद में महात्मा गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले कालीचरण महाराज गिरफ्तार

कालीचरण महाराज को रायपुर पुलिस ने खजुराहो के एक होटल से सुबह 4 बजे गिरफ्तार किया

अपडेटेड Dec 30, 2021 पर 11:05 AM
Story continues below Advertisement
कालीचरण महाराज पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप है

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की राजधानी रायपुर के धर्म संसद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे (Nathuram Godse) की तारीफ करने के आरोप में हिंदू धार्मिक नेता कालीचरण महाराज (Kalicharan Maharaj) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कालीचरण महाराज को गुरुवार तड़के रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कालीचरण की गिरफ्तारी मध्य प्रदेश के खजुराहो से की गई है। कालीचरण महाराज को पुलिस रायपुर लेकर जा रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस संबंध में मध्य प्रदेश पुलिस को कोई जानकारी नहीं है।

सुबह 4 बजे हुई गिरफ्तारी


रायपुर के एसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि बागेश्वर धाम के पास एक व्यक्ति के घर से तड़के 4 बजे कालीचरण की गिरफ्तारी की गई। कालीचरण ने पास में एक लॉज भी बुक करा रखा था। कालीचरण को शाम 5 तक सड़क मार्ग से रायपुर लाया जा सकता है। रायपुर पुलिस ने महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा करने के आरोप में कालीचरण महाराज के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

AFSPA: भारी विरोध के बीच नगालैंड में आज से 6 महीनों के लिए बढ़ाया गया विवादास्पद अफस्पा कानून

राजधानी रायपुर के रावणभाठा मैदान में रविवार शाम को दो दिवसीय धर्म संसद के अंतिम दिन कालीचरण महाराज ने अपने भाषण के दौरान राष्ट्रपिता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा की थी। इस दौरान कालीचरण महाराज ने लोगों से कहा था कि उन्हें धर्म की रक्षा के लिए एक कट्टर हिंदू नेता को सरकार के मुखिया के तौर पर चुनना चाहिए।

कालीचरण ने क्या कहा था?

कालीचरण ने कहा था कि हमारा मुख्य कर्तव्य क्या है- धर्म की रक्षा करना। हमें सरकार में एक कट्टर हिंदू राजा (नेता) का चुनाव करना चाहिए, भले ही वह (पुरूष या महिला) किसी पार्टी से संबंधित हो... हमारे घरों की महिलाएं बहुत अच्छी और सभ्य हैं और वे मतदान करने (चुनाव में) नहीं जाती हैं। जब सामूहिक बलात्कार होंगे तो आपके घर (परिवार) की महिलाओं का क्या होगा... महामूर्खों, मैं उन लोगों का आह्वान कर रहा हूं जो वोट देने नहीं जाते हैं।

उन्होंने आगे कहा था कि इस्लाम का लक्ष्य राजनीति के माध्यम से राष्ट्र पर कब्जा करना है। (विभाजन का जिक्र करते हुए) हमारी आंखों के सामने उन्होंने 1947 में कब्जा कर लिया... उन्होंने पहले ईरान, इराक और अफगानिस्तान पर कब्जा किया। उन्होंने राजनीति के माध्यम से बांग्लादेश और पाकिस्तान पर कब्जा कर लिया... मैं नाथूराम गोडसे को सलाम करता हूं कि उन्होंने गांधी की हत्या की।

कालीचरण ने कहा कि पुलिस हमें कहती है कि मुस्लिम बहुल इलाकों से भगवा जुलूस न निकालें। यह पुलिस की गलती नहीं है। पुलिस प्रशासन की गुलाम है जो सरकार की गुलाम है। सरकार नेता की गुलाम है। इसलिए, पुलिस तब तक समर्थन नहीं करेगी जब तक एक कट्टर हिंदू राजा (नेता) नहीं होगा। पुलिस ने कालीचरण के खिलाफ रायपुर नगर निगम के स्पीकर और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे (Pramod Dubey) की शिकायत पर FIR दर्ज किया था जिसके बाद ये गिरफ्तारी हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।