कर्नाटक: IT के छापे में 15.3 करोड़ रुपए कैश और 10.14 किलोग्राम सोना बरामद

Karnataka Assembly Election: CEO के कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार, शिवाजीनगर से 4.77 करोड़ रुपए, राजराजेश्वरी नगर से 3.44 करोड़ रुपए, मल्लेश्वरम से 3.35 करोड़ रुपए, पुलकेशीनगर से 2.3 करोड़ रुपए, शांति नगर से 63 लाख रुपए और गांधी नगर से 55 लाख रुपए जब्त किए गए

अपडेटेड May 06, 2023 पर 9:23 PM
IT के छापे में 15.3 करोड़ रुपए कैश और 10.14 Kg सोना बरामद (FILE PHOTO)

Karnataka Election: कर्नाटक में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी के दौरान आयकर विभाग (IT Department) ने 15.3 करोड़ रुपए कैश और 7.08 करोड़ रुपए का 10.14 Kg सोना जब्त किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय ने शनिवार को ये जानकारी दी। कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है।

CEO के कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार, शिवाजीनगर से 4.77 करोड़ रुपए, राजराजेश्वरी नगर से 3.44 करोड़ रुपए, मल्लेश्वरम से 3.35 करोड़ रुपए, पुलकेशीनगर से 2.3 करोड़ रुपए, शांति नगर से 63 लाख रुपए और गांधी नगर से 55 लाख रुपए जब्त किए गए।

बयान के मुताबिक, आयकर विभाग के अधिकारियों ने हेब्बल, शांति नगर और गांधी नगर निर्वाचन क्षेत्रों से पांच करोड़ रुपए मूल्य का 6.59 किलोग्राम सोना जब्त किया। इसके अलावा, रायचूर से 2.08 करोड़ रुपए का 3.55 किलोग्राम सोना और 30 लाख रुपए नकदी जब्त की गई।


बयान में कहा गया है कि राज्य में 29 मार्च को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से नकदी और अलग-अलग सामानों सहित कुल 365 करोड़ रुपए की जब्ती हुई। इनमें 138.55 करोड़ रुपए नकदी, 82.65 करोड़ रुपए की शराब, 23 करोड़ रुपए का नशीला पदार्थ, 92.62 करोड़ रुपए का 177.95 किलोग्राम सोना, 4.62 करोड़ रुपए मूल्य की 667 किलोग्राम चांदी शामिल है।

कर्नाटक चुनाव: PM मोदी ने 'The Kerala Story' को बताया आतंकी साजिशों पर आधारित फिल्म, कांग्रेस पर भी साधा जमकर निशाना

खबरों के मुताबिक, I-T विभाग ने कर्नाटक कांग्रेस के नेता अशोक कुमार राय के भाई सुब्रमण्यम राय के मैसूरु आवास पर छापा मारा। अशोक कुमार राय आगामी राज्य चुनावों के लिए पुत्तूर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

इससे पहले 13 अप्रैल को बेंगलुरु पुलिस ने सिटी मार्केट इलाके के पास एक ऑटो में एक करोड़ रुपए की बेहिसाब नकदी के साथ दो लोगों को पकड़ा था।

इसी तरह की एक घटना में, I-T विभाग ने हुबली में एक रियल एस्टेट डेवलपर के दफ्तर पर छापा मारा। विभाग की तरफ से पूर्व कांग्रेस नेता गंगाधर गौड़ा के दो आवासीय परिसरों और दक्षिण कन्नड़ के बेलथांगडी में एक शैक्षणिक संस्थान पर छापेमारी के एक दिन बाद IT छापे मारे गए। शिक्षा संस्थान गंगाधर गौड़ा के पुत्र रंजन गौड़ा का है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।