कर्नाटक में फिर शुरू हुई इंदिरा कैंटीन, मात्र 10 रुपए में मिलेगा भरपेट खाना

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने चुनाव के बाद जनता को पहले सौगात दे दी है। इंदिरा कैंटीन जो भाजपा के कार्यकाल से बंद कर दी गई थीं फिर एक बार शुरू कर दी गई हैं। इंदिरा कैंटीन में सस्ते दामों में जनता को ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर दिया जाएगा। खाने का मेनू भी रोजाना अपडेट होगा ताकि लोगों को सही न्यूट्रीशन मिल सके।

अपडेटेड May 27, 2023 पर 1:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने जनता से किया अपना वादा पूरा करते हुए राज्य में इंदिरा कैंटीन की दोबारा शुरुआत कर दी है।

Indira Canteen: कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने फिर एक बार राज्य में इंदिरा कैंटीन शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस महीने की शुरुआत में चुनाव जीतने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वह इंदिरा कैंटीन को दोबारा शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने एक महीने के भीतर कैंटीन फिर से शुरू करने का वादा भी किया। कैंटीन गरीबों और वंचितों को सस्ती दरों पर भोजन मुहैया करवाती है। यहां जनता को नाश्ता 5 रुपए में जबकि दोपहर और रात का खाना सिर्फ 10 रुपए में ही मिल जाया करेगा।

चुनाव के दौरान किया था वादा

कांग्रेस पार्टी ने पिछले महीने कर्नाटक में अपने चुनाव अभियान के दौरान सत्ता में वापस आने पर कैंटीन वापस लाने का वादा किया था। राज्य में पिछली कांग्रेस सरकार में कैंटीन शुरू की गई थी, लेकिन भाजपा के दोबारा सत्ता में आने के बाद इसे बंद कर दिया गया। राज्य में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान कुछ फूड डिलीवरी एंप्लॉयीज से मुलाकात की थी। उन्होंने कांग्रेस नेता के सामने कैंटीन को फिर से शुरू करने का अनुरोध किया था।

खास रहेगा खाने का मेन्यू

बृहत बेंगलुरु महानगर पालिके (बीबीएमपी) ने न्यूट्रीशन और क्वांटिटी पर फोकस करते हुए ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर के खाने का मेन्यू तैयार किया है। निकाय ने कहा कि इंदिरा कैंटीन में मेन्यू को रोजाना बदला जाएगा। नाश्ते में उपमा, केसरी बाथ, बिसिबेले बाथ, पोंगल और इडली सहित कई आइटम परोसे जाएंगे। इंदिरा कैंटीन के लिए टेंडर की प्रोसेस जल्द ही शुरू की जाएगी।

मोटे अनाज का लौटा दौर, लेकिन दशकों पहले यही था हमारे पूर्वजों का भोजन


कांग्रेस की धमाकेदार वापसी

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। 224 में से कांग्रेस ने 135 सीटों पर बहुमत हासिल किया। राज्य में पिछले पांच साल से सत्ता में रही बीजेपी इस बार 66 सीटों पर ही सिमट कर रह गई और जनता दल (सेक्युलर) ने सिर्फ 19 सीटें जीतीं। कांग्रेस की जीत भाजपा के लिए एक बड़ा झटका है। कर्नाटक में कांग्रेस की जीत भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटना है। यह एक संकेत है कि पार्टी अभी भी देश में एक बड़ी ताकत है, और यह भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है। कांग्रेस की जीत का असर आगामी जनरल इलेक्शन में भी देखने को मिलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।