Lakhimpur Kheri Result: लखीमपुर खीरी में नहीं दिखा किसान आंदोलन का असर, अजय मिश्रा टेनी के जिले में सभी सीटों पर BJP आगे

UP Election Results 2022: लखीमपुर सदर विधानसभा सीट पर जरूर शाम में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार ने बढ़त बना ली है और ऐसा लगता है जिले की एक सीट मामूली अंतर के साथ सपा के खाते में जा सकती है

अपडेटेड Mar 10, 2022 पर 5:58 PM
Election Results 2022: उत्तर प्रदेश के Lakhimpur Kheri जिले की सभी 8 सीटों पर बीजेपी BJP जीतती हुई दिख रही है

Uttar Pradesh Election Result 2022: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) जिले की सभी 8 सीटों पर बीजेपी (BJP) जीतती हुई दिख रही है। लखीमपुर खीरी किसान आंदोलन के चलते काफी चर्चा में था। लखीमपुर खीरी में किसानों की गाड़ी से कुचलकर मौत के मामले में यहां से बीजेपी सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी (Ajay Mishra Teni) के बेटे मुख्य आरोपियों में शामिल हैं। इसके बाद यहां काफी राजनातिक गहमागहमी देखने को मिली थी। हालांकि जिले के चुनावी नतीजों में इन सब बातों को कोई असर नहीं दिख रहा है। बल्कि उलटे यह पहली बार हुआ है की लखीमपुर खीरी की सभी सीटें भारतीय जनता पार्टी के खाते में जा रही हैं।

समाजवादी पार्टी को सिर्फ एक सीट से आस

हालांकि लखीमपुर सदर विधानसभा सीट पर जरूर शाम में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार ने बढ़त बना ली है और ऐसा लगता है जिले की एक सीट मामूली अंतर के साथ सपा के खाते में जा सकती है। फिलहाल इस सीट पर गिनती जारी है और सपा प्रत्याशी सिर्फ 1,400 वोटों से आगे हैं।

लखीमपुर खीरी में सपा और बीजेपी में रहा टक्कर


लखीमपुर खीरी की सभी सीटों पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच मुख्य लड़ाई दिखी। हालांकि बीजेपी शुरू से ही जिले की 8 में से 6 सीटों पर आगे दिख रही थी। हालांकि शाम होते-होते सभी सीटों पर कमल खिलता हुआ दिखने लगा है। आइए देखते हैं जिले की सभी आठों विधानसभा सीटों का हाल

पलिया विधानसभा सीट का नतीजा

पलिया विधानसभा सीट से समावादी पार्टी के उम्मीवार प्रीतइन्दर सिंह ने शुरुआत में कुछ बढ़त बनाई थी, लेकिन अंत में उन्हें बीजेपी प्रत्याशी हरविन्दर कुमार साहनी से 38,129 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। हरविन्दर कुमार साहनी को 1,18,706 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को सिर्फ 80,370 वोट ही मिल सके।

यह भी पढ़ें- UP Election Result 2022 LIVE Updates: गोरखपुर शहर से मुख्यमंत्री योगी की जीत, एक लाख से ज्यादा वोटों से जीते

गोला गोरखनाथ विधानसभा सीट का नतीजा

गोला गोरखनाथ वोट से बीजेपी प्रत्याशी अरविंद गिरी 1,11,530 वोट मिले हैं और वह सपा प्रत्याशी विनय तिवारी से करीब 33,519 वोटों से आगे चल रहे हैं।

निघासन विधानसभा सीट का नतीजा

निघासन सीट बीजेपी प्रत्याशी शंशाक वर्मा को 1,26,362 वोट मिले हैं, जबकि सपा प्रत्याशी आर एस कुशवाहा को यहां से 85,155 वोट मिले हैं। शंशाक वर्मा ने सपा प्रत्याशी को 41,009 वोटों से हराया है।

श्रीनगर सीट विधानसभा सीट का नतीजा

श्रीनगर विधानसभा सीट पर कांटे की टक्कर में बीजेपी प्रत्शाशी मंजू त्यागी 8,279 वोटों से आगे चल रही हैं। बीजेपी प्रत्याशी मंजू त्यागी को 65,044 वोट मिले हैं, जबकि सपा प्रत्याशी राम शरण 56,765 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

धौरहरा विधानसभा सीट का नतीजा

धौरहरा विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी विनोद शंकर 1,13,403 वोट मिले हैं। वहीं सपा प्रत्याशी वरुण सिंह को 88,549 वोट मिले हैं। बीजेपी प्रत्याशी विनोद शंकर ने यहां 24,610 वोटों से जीत दर्ज की है।

लखीमपुर सदर विधानसभा सीट का नतीजा

लखीमपुर सदर जिले की इकलौती ऐसी सीट है, जहां से समाजवादी पार्टी अभी आगे हैं। शाम 5:40 बजे तक लखीमपुर सदर से सपा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा मधुर को 48,240 वोट मिले हैं और वह बीजेपी प्रत्याशी से 1,411 वोटों से आगे चल रहे थे। बीजेपी प्रत्याशी योगेश वर्मा को 46,826 वोट मिले हैं।

कस्ता सीट विधानसभा सीट का नतीजा

कस्ता विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार सौरभ सिंह को 1,03,093 वोट मिले हैं, जबकि सपा उम्मीदवार 88,929 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। सौरभ सिंह ने सपा प्रत्याशी को 13,817 वोटों के अंतर से हराया है।

मोहम्मदी सीट विधानसभा सीट का नतीजा

मोहम्मदी सीट पर बीजेपी और सपा के बीच कांटे की लड़ाई है। बीजेपी प्रत्याशी लोकेंद्र प्रताप सिंह को अभी तक 94,397 वोटों से मिले हैं, जबकि सपा प्रत्याशी दाऊद अहमद को 90,097 वोट मिले हैं। बीजेपी प्रत्याशी फिलहाल 4,300 वोट से आगे हैं और गिनती अभी भी चल रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।