Loksabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। इसके लिए राजनीतिक दल भी युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर चुके हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी कर चुकी है। इस लिस्ट में पीएम मोदी समेत 195 लोगों के नाम शामिल है। पहली लिस्ट में मौजूदा 33 सांसदों का पत्ता साफ हो गया है। उनकी जगह नए चेहरों पर बीजेपी ने भरोसा जताया है। दिल्ली में बीजेपी ने 5 उम्मीदवारों के नाम ऐलान किए हैं। यहां से मौजूदा 4 सांसदों का टिकट कट गया है। बीजेपी ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्व दिल्ली से चुनाव मैदान में उतारा है।
बीजेपी ने इस बार युवाओं पर बड़ा भरोसा जताया है। पहली लिस्ट में 50 साल से कम उम्र के आधे से ज्यादा प्रत्याशी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फिर से वाराणसी से, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गांधीनगर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनाव लड़ेंगे।
50 साल से कम उम्र के 47 प्रत्याशी
बीजेपी की इस पहली लिस्ट में 16 राज्यों एवं 2 केन्द्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। स लिस्ट में 28 महिला उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। अगर उम्र के हिसाब से देखें तो इस लिस्ट में 50 साल से कम उम्र वाले कुल 47 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पहली लिस्ट में कुल 34 केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों के नाम शामिल हैं। इस लिस्ट में लोकसभा अध्यक्ष और तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम भी शामिल हैं। भाजपा ने राजस्थान के कोटा से लोकसभा स्पीकर ओम बिलड़ा को फिर से मैदान में उतारा है।
तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिला टिकट
वहीं अगर तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को पार्टी की ओर से टिकट देने की बात करें तो इसमें मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान (विदिशा), असम के सीएम रह चुके सर्वानंद सोनोवाल (डिब्रूगढ़ से) और त्रिपुरा के सीएम रह चुके बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा पश्चिम) के नाम शामिल हैं। पहली लिस्ट में 57 OBC उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं अगर SC-ST के उम्मीदवारों की बात करें तो शेड्यूल कास्ट (SC) को 27 सीटें ST के 18 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
दिल्ली के 4 सांसदों के टिकट पर चली कैंची
बीजेपी ने इस बार अपनी रणनीति में कई अहम बदलाव किए हैं। दो बार सांसद रह चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन का टिकट कट गया है। उनकी जगह प्रवीण खांडेलवाल को चांदनीचौक लोकसभा से मौका दिया गया है। वहीं पश्चिमी दिल्ली सीट से 2 बार सासंद रह चुके परवेश सिंह वर्मा को भी टिकट नहीं मिला है। उनकी जगह कमलजीत सहरावत को टिकट दिया गया है। इसी तरह दक्षिणी दिल्ली से बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी का पत्ता साफ कर दिया है। उनकी जगह रामवीर सिंह बिधूड़ी को मौका दिया गया है। ऐसे ही भाजपा ने दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली लोकसभा सीट से मौका दिया है। पार्टी ने इस सीट से मीनाक्षी लेखी का टिकट काट दिया है। कुल मिलाकर दिल्ली से मौजूदा 4 सांसदों के टिकट पर कैंची चली है।