देश भर में आज (6 दिसंबर 2024) संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी जा रही है। 6 दिसंबर 1956 को डॉ. BR आंबेडकर का निधन हो गया था। उन्हें बाबा साहब आंबेडकरके नाम से भी जाना जाता है। इस बीच संसद भवन लॉन में 69वें महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर डॉ. बीआर आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पीएम मोदी और खड़गे ने कुछ खास अंदाज में एक दूसरे का स्वागत किया।
डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत आज भी देशभर में प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के क्षेत्र में जो क्रांति शुरू की। वह हमेशा प्रासंगिक रहेगी। उनके विचार और योगदान वंचितों के सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित हुए।
पीएम मोदी ने डॉ. आंबेडकर को दी श्रद्धांजलि
महापरिनिर्वाण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबासाहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट पर कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस पर हम संविधान निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रतीक डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को नमन करते हैं। समानता और मानवीय गरिमा के लिए डॉ. आंबेडकर का अथक संघर्ष पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज जब हम उनके योगदान को याद करते हैं, तो हम उनके सपने को पूरा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराते हैं। जय भीम! पीएम मोदी ने अपने इस ट्वीट में इस साल की शुरुआत में मुंबई में चैत्य भूमि की अपनी यात्रा की एक तस्वीर भी शेयर की है। बता दें कि आज बाबासाहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की 69वीं पुण्यतिथि है।
महाराष्ट्र के सीएम ने कुछ ऐसे किया याद
वहीं महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने 69वें महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कहा कि हर कोई जानता है कि हमारा देश तेजी से प्रगति कर रहा है। सबसे खूबसूरत चीज भारत का संविधान है। बाबासाहेब ने सभी विषयों का अध्ययन किया था और यह संविधान में देखा जा सकता है। हम बाबासाहब का ऋण कभी नहीं चुका सकते। हम जो भी करेंगे, संविधान के अनुसार करेंगे।
राहुल गांधी भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बाबा साहब को श्रद्धांजलि देने के लिए संसद भवन के लॉन में पहुंचे। महापरिनिर्वाण दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि दुनिया में भारतीय लोकतंत्र सबसे अच्छा है। बाबा साहब ने हमें जो संविधान दिया वह महान है। यहां हजारों जातियां हैं। अलग-अलग भाषा बोलने वाले लोग हैं। कई तरह के धर्म हैं लेकिन सभी साथ रहते हैं। इनती विभिन्नता के बावजूद हम बंटे हुए नहीं है। हम बाबा साहब को श्रद्धांजलि देते हैं।
आदर्शों और संविधान की रक्षा करने की जरूरत: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बीआर आंबेडकर के आदर्शों और उनके सर्वोत्तम योगदान भारत के संविधान की रक्षा, सुरक्षा और संरक्षण की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाबासाहब के महापरिनिर्वाण दिवस पर हम संविधान और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया।