Maharashtra: 'NCP के मंत्रियों के पास बैठने से आती है उल्टी' तानाजी सावंत के बयान पर, अजित पवार की पार्टी ने दी सरकार से निकलने की धमकी

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री सावंत ने बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि वह एक कट्टर शिव सैनिक हैं और NCP के नेताओं के साथ उनकी कभी नहीं बनी। सावंत ने कहा, "भले ही कैबिनेट बैठकों में हम एक-दूसरे के बगल में बैठते हों, लेकिन बाहर आने के बाद मुझे उल्टी सी आने लगती है

अपडेटेड Sep 05, 2024 पर 2:52 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Politics: तानाजी सावंत के बयान पर, अजित पवार की पार्टी ने दी सरकार से निकलने की धमकी

महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन सरकार में लगातार आए दिन कुछ न कुछ विवाद हो रहा है। इस बार शिंदे सेना के नेता और महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत के एक बयान ने ऐसा बवाल मचाया कि अजित पवार की NCP ने शुक्रवार को ये धमकी दे दी कि वो सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेगी। तानाजी ने कहा था कि कैबिनेट बैठकों में जब भी वह NCP मंत्रियों के साथ बैठते हैं, तो उल्टियां करने का मन होने लगता है।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री सावंत ने बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि वह एक कट्टर शिव सैनिक हैं और NCP के नेताओं के साथ उनकी कभी नहीं बनी। सावंत ने कहा, "भले ही कैबिनेट बैठकों में हम एक-दूसरे के बगल में बैठते हों, लेकिन बाहर आने के बाद मुझे उल्टी सी आने लगती है।"

गठबंधन में या तो सावंत रहेंगे या हमारी पार्टी: NCP प्रवक्ता


भारतीय जनता पार्टी (BJP), मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की अगुवाई वाली NCP राज्य में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन में साझेदार हैं।

Indian Express के मुताबिक, NCP प्रवक्ता उमेश पाटिल ने कहा, "या तो सावंत महायुति कैबिनेट में रहेंगे या हमारी पार्टी। अगर उन्हें तुरंत बर्खास्त नहीं किया गया, तो हम सरकार छोड़ देंगे। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार को भी तुरंत मंत्रिमंडल छोड़ देना चाहिए।"

कैबिनेट मीटिंग में शामिल नहीं होंगे NCP के मंत्री

NCP प्रवक्ता ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सावंत पर कोई फैसला नहीं ले लेते, तब तक उपमुख्यमंत्री अजीत पवार किसी भी कैबिनेट बैठक में शामिल नहीं होंगे।

पाटिल ने कहा, “हमारे पार्टी अध्यक्ष के अलावा, हमारे सभी मंत्रियों को सावंत को बर्खास्त किए जाने तक कैबिनेट बैठकों का बहिष्कार करना चाहिए। हम सावंत की माफी या बयान को भी स्वीकार नहीं करेंगे कि उन्हें गलत तरीके से पेश किया गया। हम उन्हें तुरंत बाहर करना चाहते हैं।''

उल्टी की समस्या का 'इलाज' सिर्फ CM के पास

राज्य NCP प्रमुख सुनील तटकरे ने कहा, "तानाजी सावंत कौन हैं? BJP और उसके प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे शीर्ष नेताओं ने लंबे विचार विमर्श के बाद हमें गठबंधन का हिस्सा बनाया है।”

वहीं NCP प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य (MLC) अमोल मिटकरी ने सावंत के बयान की निंदा की और सवाल किया कि गठबंधन को बरकरार रखने की जिम्मेदारी क्या केवल उनकी पार्टी की है।

उन्होंने कहा कि सावंत ने पहले भी ऐसी टिप्पणियां की हैं, जिनसे NCP को ठेस पहुंची है। मिटकरी ने कहा, "हम केवल गठबंधन धर्म की खातिर चुप हैं।" NCP नेता ने कहा कि उल्टी आने की उनकी समस्या का ‘‘इलाज’’ केवल मुख्यमंत्री ही कर सकते हैं।

अजित पवार इतना अपमान कैसे बर्दाशत कर सकते हैं?

वहीं सावंत के बयान पर शरद पवार की NCP ने भी चुटकी लेने का मौका नहीं छोड़ा। NCP (शरदचंद्र पवार) के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने कहा कि अजीत पवार ने अपना सारा सम्मान खो दिया है और शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार के भीतर बेचैनी बढ़ रही है।

तापसे ने इस बात पर हैरानी जताया कि अजित पवार की पार्टी इस तरह का अपमान कैसे बर्दाश्त कर सकती है? तापसे ने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि अजित दादा, जिनका कभी NCP में बहुत सम्मान था, सत्ता के लिए अपने आत्मसम्मान से समझौता करेंगे।"

उन्होंने शरद पवार की पार्टी से अलग होने के अजित पवार के फैसले की भी आलोचना की और इस कदम की कीमत पर सवाल उठाया, जिससे राजनीतिक लाभ के बजाय सार्वजनिक अपमान हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।