Modi Govt 8 years: इन 8 कल्याणकारी योजनाओं की वजह से 8 साल बाद भी बरकरार है PM मोदी का जलवा

मोदी सरकार के ये 8 साल आम जनता को समर्पित रहे। इन 8 सालों में प्रधानमंत्री मोदी के सामने कई चुनौतियां आईं, लेकिन उनकी लोकप्रियता बरकरार रही है, हाल में ही 5 राज्यों में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी 4 राज्यों के लोगों ने BJP पर भरोसा जताया

अपडेटेड May 26, 2022 पर 7:54 PM
पीएम मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार को आठ साल पूरे हो चुके हैं। पीएम मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। आठ साल बाद भी प्रधानमंत्री मोदी का जलवा बरकरार है। प्रधानमंत्री पद के लिए पसंदीदा विकल्पों में वह राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल से काफी आगे चल रहे हैं। आठ साल के दौरान मोदी सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए, जिनका जनता ने खुले दिल से स्वागत किया।

सीधे तौर पर कहें तो मोदी सरकार के ये आठ साल आम जनता को समर्पित रहे। इन आठ सालों में प्रधानमंत्री मोदी के सामने कई चुनौतियां आईं, लेकिन उनकी लोकप्रियता बरकरार रही है। हाल में ही 5 राज्यों में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी हमने देखा कि किस तरह से 4 राज्यों के लोगों ने बीजेपी पर भरोसा जताया।

ये भी पढ़ें- EPFO: जानें कैसे कर सकते हैं EPF और EPS का नॉमिनी फाइल, ईपीएफओ ने बताया सबसे आसान तरीका


इसका सबसे बड़ा कारण प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और उनके नेतृत्व में जन-जन तक पहुंच रही सरकारी लाभ ही रहा। हम आपको मोदी सरकार के उन आठ अहम योजनाओं के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने बीते आठ वर्षों में आम लोगों की जिंदगी में सबसे ज्यादा असर डाला है।

उज्जवला योजना (Ujjwala Yojana)

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना को पीएम मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक माना जाता है। इस योजना के तहत गरीब महिलाओं को बड़ी संख्‍या में एलपीजी गैस सिलेंडर बांटे गए। इसके साथ ही दीपावली और होली के अवसर पर गैस सिलेंडर को फ्री में रीफिल करके दिया जाता है। इस योजना की वजह से लाखों महिलाएं बिना किसी परेशानी के घर में गैस पर खाना बना रही हैं। इसकी योजना की शुरुआत 1 मई 2016 को हुई थी। माना जाता है कि इस योजना की वजह से महिलाओं को विशेष लाभ हुआ।

प्रधानमंत्री आवास योजना (Pradhan Mantri Awas Yojana)

मोदी सरकार का लक्ष्‍य सभी लोगों को घर उपलब्‍ध कराना है। इसी के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना को लॉन्‍च किया गया। किफायती घर बनाने के लक्ष्य के साथ शहरी गरीबों को किफायती आवास प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत होम लोन में सब्सिडी दी जाती है। इस सब्सिडी के तहत होम लोन लेने वाले को लगभग 2 लाख 60 हजार रुपये का लाभ मिलता है। इस योजना से लोगों को अपना घर खरीदने में तो मदद मिल ही रही है, वहीं देश की अर्थव्‍यवस्‍था को भी गति मिल रही है।

पीएम-किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana)

पीएम नरेंद्र मोदी की महत्‍वाकांक्षी योजना 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' की वजह से गरीब किसानों को काफी फायदा होता है। बिना किसी बिचौलियों के साल में 6,000 रुपये किसानों के बैंक अकाउंट में सीधे सरकार जमा करा देती है। इस योजना के तहत तीन बार लोगों को 2000-2000 रुपये की किस्त दी जाती है। इस योजना का लाभ उन किसानों को मिलता है, जिनके पास 2 हेक्‍टेयर से कम जमीन है। चार-चार महीने के अंतराल पर 2000-2000 रुपये की किस्‍त के रूप में किसानों के अकाउंट में भेजे जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (Pradhan Mantri Mudra Yojana)

'प्रधानमंत्री मुद्रा योजना' के तहत केंद्र सरकार की ओर से बिजनेस शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें 50,000 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह सुविधा पीएम मुद्रा लोन के तहत मिलती है। इसकी खास बात यह है कि आपको बिना किसी गारंटी के लोन मिल जाएगा और आपको कोई प्रोसेसिंग फीस भी नहीं देनी होगी।

अगर आपको अपना बिजनेस बढ़ाना है, तो उसके लिए भी इस योजना के तहत लोन उपलब्‍ध कराया जाता है। इस योजना को शुरू हुए 7 साल हो चुके हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की वेबसाइट पर मिली जानकारी के मुताबिक, लोगों को अब तक लोन के रूप में 3,02,948.49 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।

आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat Yojana)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2018 में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शुरू की थी। बीमा योजना का उद्देश्य इसके लिए पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने पर 5 लाख रुपये तक मुफ्त और नकदी रहित स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना है। सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ यह योजना प्राइवेट अस्पतालों में भी लागू है। आयुष्‍मान भारत योजना गरीबों के लिए जीवनदान साबित हो रही है।

प्रधानमंत्री जन धन योजना (Pradhan Mantri Jan Dhan Yojana)

प्रधानमंत्री जन धन योजना के जरिए लाखों गरीब लोगों का बैंक अकाउंट जीरो बैलेंस पर खुलवाया गया है। जन धन योजना के तहत खोले गए अकाउंट पर बैंक किसी भी प्रकार का सर्विस चार्ज नहीं लगाता है। इन अकाउंट को खुलवाने का एक लाभ ये भी हुआ है कि अब सरकार द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं का लाभ सीधे जन धन अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाता है।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PM Garib Kalyan Anna Yojana)

पीएम मोदी के नेतृत्व में इस योजना की शुरुआत 26 मार्च 2020 को हुई थी। यह ऐसा वक्त था जब देश में कोरोना महामारी की वजह से लॉकडाउन लगाया गया था। इस योजना की वजह से कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज उपल्बध कराया गया। केंद्र सरकार ने कोरोना काल में खाद्य सुरक्षा कानून के तहत शुरू किया गया था। अगर ये योजना शुरू न होती, तो शायद महामारी के दौरान जब काम धंधे बंद हो गए थे, तब लोगों को भूखे मरने की स्थिति आ जाती।

बीमा योजना (Bima Yojana)

केंद्र सरकार की ओर से दो प्रमुख बीमा योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ लाखों लोग उठा रहे हैं। इनमें एक है, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (Pradhan Mantri Suraksha Bima Yojana) और दूसरी जीवन ज्‍योति बीमा योजना (Pradhan Mantri Jeevan Jyoti Bima Yojana)। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना भारत में एक सरकार समर्थित दुर्घटना बीमा योजना है। योजना के अंतर्गत मात्र 12 रुपये प्रतिवर्ष के प्रीमियम का भुगतान कर दो लाख रुपये तक का सुरक्षा कवर पा सकते हैं। वहीं, जीवन ज्‍योति बीमा योजना के तहत सालाना 300 रुपये का भुगतान कर दो लाख रुपये का कवर मिलता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।