Get App

CBI जांच के लिए आम सहमति वापस लेने वाला 9वां राज्य बना NDA शासित मेघालय, एजेंसी को अब केस-टू-केस आधार पर राज्य सरकार से लेनी होगी अनुमति

NDA शासित मेघालय केंद्रीय जांच ब्यूरो की जांच के लिए आम सहमति वापस लेने वाला 9वां राज्य बन गया है

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 04, 2022 पर 3:20 PM
CBI जांच के लिए आम सहमति वापस लेने वाला 9वां राज्य बना NDA शासित मेघालय, एजेंसी को अब केस-टू-केस आधार पर राज्य सरकार से लेनी होगी अनुमति
केंद्रीय जांच एजेंसी को अब केस-टू-केस आधार पर राज्य सरकार से अनुमति लेनी होगी

मेघालय की NDA सरकार ने भी अपने यहां बिना इजाजत जांच के लिए राज्य में एंट्री पर रोक लगा दी है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) द्वारा शासित मेघालय केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच के लिए आम सहमति वापस लेने वाला नौवां राज्य बन गया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार CBI के शीर्ष अधिकारियों ने गुरुवार को संसद की एक समिति को यह जानकारी दी।

केंद्रीय एजेंसी को अब केस-टू-केस आधार पर राज्य सरकार से अनुमति लेनी होगी। इससे पहले मिजोरम और गैर-NDA शासित सात राज्यों- महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और केरल ने सीबीआई जांच के लिए आम सहमति वापस ले ली थी।

मेघालय में सत्तारूढ़ गठबंधन में BJP साझेदार है जहां नेशनल पीपुल्स पार्टी के नेता कोनराड संगमा मुख्यमंत्री हैं। एजेंसी के शीर्ष अधिकारियों ने समिति को बताया कि इन आठ राज्यों में अनेक मामलों में जांच के लिए 150 अनुरोध लंबित हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इनमें बैंक धोखाधड़ी, जालसाजी और धन के गबन से संबंधित मामले शामिल हैं। सीबीआई डायरेक्टर सुबोध जायसवाल और एजेंसी के अन्य शीर्ष अधिकारियों ने वरिष्ठ बीजेपी नेता सुशील मोदी की अध्यक्षता वाली कार्मिक, लोक शिकायत, विधि एवं न्याय पर संसदीय स्थायी समिति के समक्ष अपना पक्ष रखा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें