'देश में देवालय भी बन रहे हैं और करोड़ों गरीबों के पक्के घर भी', वालीनाथ धाम मंदिर उद्घाटन के बाद बोले PM मोदी

PM Modi to visit Gujarat: प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को गुजरात में वालीनाथ धाम मंदिर का उद्घाटन करने के बाद एक जानसभा के दौरान कहा कि ये भारत की विकास यात्रा में एक अद्भुत कालखंड है, एक ऐसा समय है जब देव काज हो या देश काज दोनों तेज गति से हो रहे हैं...आज विकास से जुड़े 13,000 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है

अपडेटेड Feb 22, 2024 पर 4:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पीएम नरेंद्र मोदी ने मेहसाणा में वालीनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार को गुजरात में वालीनाथ धाम मंदिर का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम ऐसे समय में जी रहे हैं जब देवकाज हो या देश काज, दोनों तेज गति से हो रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि देश में देवालय भी बन रहे हैं और करोड़ों गरीबों के पक्के घर भी बन रहे हैं। गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मेहसाणा में प्रसिद्ध वालीनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मेहसाणा में एक मेगा रोड शो भी किया। पीएम मोदी ने मेहसाणा में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे (उसके नेता) अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होने के बाद भी नकरात्मकता में जी रहे हैं और नफरत का रास्ता छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए और उनके मंदिर के निर्माण को लेकर रोड़े अटकाए।

उन्होंने कहा, "और आज जब (भगवान राम की) जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है, जब पूरा देश इससे खुश है तो भी नकारात्मकता में जीने वाले लोग नफरत का रास्ता छोड़ नहीं रहे हैं।" वह गुजरात के मेहसाणा जिले में तरभ गांव में वालीनाथ महादेव मंदिर का उद्घाटन करने और वहां पूजा-अर्चना करने के बाद एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह ऐसा समय है जब देवकाज हो या फिर देशकाज, दोनों तेज गति से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ देश में देवालय भी बन रहे हैं और वहीं दूसरी तरफ, करोड़ों गरीबों के पक्के घर भी बन रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इस दौरान 8,350 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और उनका शिलान्यास भी किया।

पीएम मोदी ने कहा कि आज नए भारत में हो रहा हर प्रयास, भावी पीढ़ी के लिए विरासत बनाने का काम कर रहा है। आज जो नई और आधुनिक सड़कें बन रही हैं, रेलवे ट्रैक बन रहे हैं, ये विकसित भारत के ही रास्ते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जो संकल्प लेता है, वो पूरे करता है! यही तो है, मोदी की गारंटी!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।