PM मोदी ने मंत्रियों और सांसदों के साथ संसद में देखी 'साबरमती रिपोर्ट', शेयर की स्क्रीनिंग की तस्वीरें, विक्रांत मैसी भी रहे मौजूद

The Sabarmati Report: स्क्रीनिंग के दौरान पीएम मोदी अमित शाह के बगल में बैठे थे। स्क्रीनिंग सोमवार को संसद परिसर लाइब्रेरी के बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई। स्क्रीनिंग के दौरान NDA सांसद और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, किरेन रिजिजू, जीतन राम मांझी, अश्विनी वैष्णव और अन्य भी मौजूद थे

अपडेटेड Dec 02, 2024 पर 8:58 PM
PM मोदी ने मंत्रियों और सांसदों के साथ संसद में देखी 'साबरमती रिपोर्ट', शेयर की स्क्रीनिंग की तस्वीरें, विक्रांत मैसी भी रहे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को साबरमती रिपोर्ट देखने के बाद अपने विचार साझा किए। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्क्रीनिंग की तस्वीरें शेयर कीं और फिल्म को लेकर अपनी समीक्षा साझा की। प्रधानमंत्री मोदी के लिए विशेष स्क्रीनिंग उसी दिन हुई, जिस दिन विक्रांत मैसी ने फिल्मों से संन्यास की घोषणा की थी। अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा, "'द साबरमती रिपोर्ट' की स्क्रीनिंग में साथी NDA सांसदों के साथ शामिल हुआ। मैं फिल्म के निर्माताओं की उनके प्रयास के लिए सराहना करता हूं।"

स्क्रीनिंग के दौरान पीएम मोदी अमित शाह के बगल में बैठे थे। स्क्रीनिंग सोमवार को संसद परिसर लाइब्रेरी के बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई। स्क्रीनिंग के दौरान NDA सांसद और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, किरेन रिजिजू, जीतन राम मांझी, अश्विनी वैष्णव और अन्य भी मौजूद थे।


इसके अलावा स्क्रीनिंग के दौरान विक्रांत मैसी, रिद्धि डोगरा, डायरेक्टर धीरज सरना, निर्माता एकता कपूर के पिता और अनुभवी अभिनेता जितेंद्र सहित फिल्म के कलाकार और क्रू भी मौजूद था।

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए विक्रांत ने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री और सभी कैबिनेट मंत्रियों और कई सांसदों के साथ फिल्म देखी। यह एक खास अनुभव था। मैं इसे अभी भी शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाऊंगा, क्योंकि मैं बहुत खुश हूं... यह मेरे करियर का सबसे हाई प्वाइंट है कि मुझे प्रधान मंत्री के साथ अपनी फिल्म देखने को मिली।"

आज ही विक्रांत मैसी ने की रिटायरमेंट की घोषणा

बड़ी बात ये है कि विक्रांत ने सोमवार सुबह ही अपने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वह फिल्मों से सन्यास ले रहे हैं।

उन्होंने अपने Instagram पोस्ट में लिखा, "मैं आप सभी को आपके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हालांकि जिंदगी में आगे बढ़ते हुए मुझे एहसास हुआ है कि एक पति, एक पिता और एक बेटे के तौर पर जिम्मेदारी संभालने और घर वापस लौटने का समय आ गया है।"

अभिनेता ने कहा, "2025 में आखिरी बार मिलेंगे...जब तक (वापसी के लिए) समय उचित न लगे। आखिरी दो फिल्में और कई वर्षों की यादें। एक बार फिर शुक्रिया... हमेशा आप सभी का ऋणी रहूंगा।"

Vikrant Massey Retirement: विक्रांत मैसी ने लिया बॉलीवुड से संन्यास! पोस्ट शेयर कर दी जानकारी, कहा- 'घर वापस जाने का समय...'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।