Covid-19: देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना और ओमीक्रोन के ताजा हालात पर पीएम मोदी आज मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे बातचीत

कोरोना को लेकर केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारें भी अलर्ट हो गई हैं

अपडेटेड Jan 13, 2022 पर 10:28 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
साढ़े 4 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्रियों संग बैठक करेंगे

देश में कोरोना वायरस (Covid-19) और उसके नए ओमीक्रोन वेरिएंट (Omicron) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बीच, हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। ये बैठक सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ शाम साढ़े चार बजे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से होगी। इस बैठक में कोरोना, ओमीक्रोन और वैक्सीनेशन की ताजा स्थिति सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

इससे पहले रविवार (9 जनवरी) को प्रधानमंत्री मोदी ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ कोरोना और ओमीक्रोन वेरिएंट को लेकर समीक्षा की थी। बता दें कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों में वीकेंड कर्फ्यू (Weekend Curfew) और नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) समेत कई अन्य पाबंदियां लगाई गई हैं।

Omicron India Live Updates: एक दिन में कोरोना के 2 लाख से अधिक नए मामले आए सामने, ओमीक्रोन के 5,488 केस दर्ज


प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को देश में कोविड-19 महामारी के हालात, स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे और आपूर्ति व्यवस्था की चल रही तैयारियों, देश में वैक्सीनेशन अभियान की स्थिति, ओमीक्रोन के प्रसार और इसके जन स्वास्थ्य प्रभाव की समीक्षा करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी।

बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 2,47,417 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 84,825 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर अब 11,117,531 हो गई है। वहीं, दैनिक पॉजिटिविटी रेट भी अब 13.11 फीसदी पर पहुंच गई है।

देश में आज कल से 52,697 ज्यादा मामले आए हैं। कल यानी बुधवार को कोरोना वायरस के 1,94,720 मामले आए थे। दुनिया भर में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन से दहशत का माहौल है। ओमीक्रोन संक्रमित मरीजों की संख्या भारत में तेजी से बढ़ रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।