Punjab Election 2022: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) की तरफ से AAP के पूर्व नेता कुमार विश्वास (Kumar Vishwas) द्वारा अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को एक पत्र लिखने के कुछ घंटों बाद, AAP संयोजक ने आरोपों से इनकार किया, उन्हें "कॉमेडी" बताया।
केजरीवाल ने मीडिया से कहा, "सड़कों, स्कूलों के निर्माण और मुफ्त पानी और बिजली मुहैया कराने के लिए मुझे दुनिया का सबसे प्यारा आतंकवादी होना चाहिए।"
केजरीवाल ने कहा, "मुझे एक अधिकारी ने बताया है कि मेरे खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में दो दिनों के भीतर FIR दर्ज की जाएगी।" उन्होंने कहा कि वे ऐसी सभी FIR का स्वागत करते हैं। दिल्ली के सीएम ने आगे कहा, "लेकिन अगर वे देश की सुरक्षा से इस तरह निपटेंगे, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।"
इस हफ्ते की शुरुआत में एक इंटरव्यू में विश्वास ने केजरीवाल पर अलगाववादियों के साथ सांठगांठ करने का आरोप लगाया था। AAP ने आरोपों से इनकार किया, उन्हें "दुर्भावनापूर्ण" और "निराधार" कहा।
राहुल गांधी से लेकर पीएम मोदी तक नेताओं ने जिस तरह से उन पर राज्य में अलगाववाद का आरोप लगाया, उस पर सवाल उठाते हुए केजरीवाल ने कहा, "दिलचस्प है कि राहुल गांधी ने सबसे पहले मुझ पर यह आरोप लगाया था; अगले दिन पीएम मोदी ने उसी भाषा का इस्तेमाल किया, और प्रियंका गांधी और सुखबीर सिंह बादल ने भी इसे ही फॉलो किया। किसी ने कभी नहीं सोचा था कि पीएम राहुल गांधी की नकल करेंगे।"
AAP नेता ने दावा किया कि इन नेताओं ने पंजाब में उन्हें निशाना बनाने के लिए हाथ मिलाया था। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगत सिंह को एक सदी पहले अंग्रेजों ने आतंकवादी करार दिया था, उसी तरह केजरीवाल आज भी उन्हीं आरोपों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, "दिल्ली पुलिस, ED, इनकम टैक्स और दूसरी एजेंसियों ने पिछले 7 सालों में मेरे ऑफिस और आवास पर छापे मारे, लेकिन किसी भी एजेंसी को मेरे खिलाफ कुछ भी नहीं मिला। फिर एक दिन एक कवि खड़ा हुआ और उसने एक कविता गाई। उस कवि को धन्यवाद, जिसने इतने बड़े आतंकवादी को पकड़ा।"