Punjab Election Results 2022: AAP ने पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह को उनके गढ़ पटियाला में दी मात

अजीत पाल सिंह कोहली ने पटियाला सीट से अमरिंदर सिंह को 13,000 मतों के अंतर से हरा दिया है

अपडेटेड Mar 10, 2022 पर 12:34 PM
पंजाब विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में AAP ने बहुमत हासिल कर लिया है

Punjab Election Results 2022: अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार अजीत पाल सिंह कोहली ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को उनके गढ़ पटियाला में मात दे दी है। अजीत पाल सिंह कोहली ने पटियाला सीट से अमरिंदर सिंह को करीब 13,000 मतों के अंतर से हरा दिया है। बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में AAP ने बहुमत हासिल कर लिया है।

पंजाब में शुरुआती रुझान में आम आदमी पार्टी (AAP) 90 सीटों पर, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) सिर्फ तीन और शिरोमणि अकाली दल (SAD) छह सीटों पर आगे चल रही हैं। इसके अलावा एक बार फिर सत्ता में वापसी का दावा करने वाली कांग्रेस का बहुत बुरा हाल है और वह महज 17 सीटों पर आगे चल रही है।

ये भी पढ़ें- Punjab Election Results 2022: पंजाब में AAP की सुनामी पर सिसोदिया बोले- 'ये आम आदमी पार्टी की नहीं आम आदमी की जीत हुई है'


आम आदमी पार्टी नेता एवं दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के लोगों ने केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को एक मौका दिया है।आज पूरे देश में ये स्पष्ट हो गया है कि लोग सोचते हैं कि अगर केजरीवाल होंगे तो ईमानदारी से व्यापार, रोज़गार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा मिल सकती है।

सिसोदिया ने आगे कहा कि बाबा साहब, भगत सिंह का सपना आज पूरा हुआ है। ये रास्ता अब धीरे-धीरे अब पूरे देश में जाएगा। पंजाब में आम आदमी पार्टी की नहीं आम आदमी की जीत हुई है। बता दें कि पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए गुरुवार को सुबह आठ बजे मतगणना शुरू की गई।

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 फरवरी को हुआ था। राज्य में इस बार अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) एक प्रमुख दावेदार के रूप में उभरी है, जबकि कांग्रेस बहुकोणीय मुकाबले में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।

चुनाव बाद हुए कई सर्वेक्षणों में AAP के अगली सरकार बनाने का अनुमान जताया गया है, जबकि कुछ ने त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान लगाया है। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में इस बार 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।