Punjab Election Results: AAP की भारी जीत के बोले भगवंत मान, "पंजाब से खत्म होगी बेरोजगारी, अब सबको करनी होगी पंजाबियों की इज्जत"

Punjab Election Results: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की भारी और ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने गुरुवार को संगरूर (Sangrur) में अपना पहला भाषण दिया

अपडेटेड Mar 10, 2022 पर 2:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Punjab के भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की भारी और ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने गुरुवार को संगरूर (Sangrur) में अपना पहला भाषण दिया। पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए मान ने राज्य से रोजगार खत्म करने का वादा किया और कहा पंजाब के युवाओं को अब रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

पंजाब के भावी मुख्यमंत्री के रूप में देखे जा रहे भगवंत मान ने जनता को जीत के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, "मैं पंजाब के लिए काम करूंगा।" साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब को अब बड़े-बड़े घराने नहीं, बल्कि गांवों और वार्डों के लोग चलाएंगे।

"पंजाबियों की इज्जत करनी होगी"

भगवंत मान ने कहा, "विरोधी पार्टियों के नेताओं ने अरविंद केजरीवाल और मुझपर निजी टिप्पणी की गई, गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। उनकी शब्दावली उन्हें मुबारक हो। उन्हें माफ कर दीजिए लेकिन आगे से सबको पंजाब के पौने तीन करोड़ पंजाबियों की इज्जत करनी पड़ेगी।"


धुरी विधानसभा से चुनाव लड़ने वाले मान ने कहा, "हमें मिलकर पंजाब चलाना है, पहले पंजाब बड़े-बड़े दरवाजे वालों घरों से चलता था परन्तु आज के बाद पंजाब गांवों से चलेगा, वार्डों से चलेगा, शहरों से चलेगा।" मान ने धुरी में 45000 से ज्यादा वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।

यह भी पढ़ें- UP Election Result 2022: BJP की पहले ही मनी होली, यूपी में डबल डिजिट पर भी नहीं पहुंच पाई कांग्रेस

पंजाब में सभी बड़े चेहरे हारे: भगवंत मान

उन्होंने कहा, "पंजाब में सभी बड़े चेहरे हार गए। बड़े बादल हार गए, सुखबीर बादल जलालाबाद से हार गए। कैप्टन साहब पटियाला से हार गए। सिद्धू और मजीठिया दोनों हार रहे हैं। चन्नी साहब दोनों सीटों पर हार गए।"

सरकारी दफ्तरों में लगेगी भगत सिंह और अबेंडकर की फोटो

इसके साथ ही भगवंत मान ने यह भी ऐलान किया पंजाब में किसी भी सरकारी दफ्तर के अंदर अब मुख्यमंत्री की तस्वीर नहीं लगेगी। उन्होंने कहा कि इसके जगह अब सरकारी दफ्तरों में भगत सिंह और आबेडकर की तस्वीर लगेगी।

पंजाब की 79 सीटों पर AAP आगे

चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 2:30 बजे तक पंजाब की 117 विधानसभाओं में 79 सीटों पर आम आदमी पार्टी आगे चल रही थी। वहीं सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस को सिर्फ 16 सीटें पर बढ़त दिख रही थी। अन्य पार्टियों की बात करें तो शिरोमणि अकाली दल 3 सीट, बहुजन समाज पार्टी 1 सीट और भारतीय जनता पार्टी 1 सीट पर आगे चल रही थी। वहीं एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।