Punjab Election Results: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ऐतिहासिक जीत की ओर है। जीत से गदगद पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने गुरुवार को संगरुर में अपने आवास पर पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान भगवंत मान ने ऐलान किया कि वह राजभवन में नहीं, बल्कि शहीद भगत सिंह (shaheed Bhagat Singh) के पैतृक गांव खटकर कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
"सरकारी दफ्तरों में CM की नहीं, भगत सिंह और अंबेडकर की फोटो लगेगी"
पंजाब के भावी मुख्यमंत्री के रूप में देखे जा रहे भगवंत मान ने अपने विजयी भाषण में यह भी ऐलान किया कि राज्य के सरकारी दफ्तरों में अब मुख्यमंत्री का फोटो नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी जगह अब पंजाब के सभी सरकारी दफ्तरों में शहीद भगत सिंह और बाबा साहेब अंबेडकर के फोटो लगेंगे।
भगत सिंह का जन्म तो वैसे पाकिस्तान के हिस्से वाले पंजाब के बांगा गांव में हुआ था। हालांकि उनका पुश्तैनी घर खटकर कलां गांव में है, जो पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले (नवांशहर) में आता है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भगत सिंह की माता 1975 तक खटकर कलां के उसी पुश्तैनी घर में रहती थीं। हालांकि उनके देहांत के बाद उनके परिवार के लोग वहां से अब चले गए हैं। खटकर कलां में ही भगत सिंह का बचपन बीता है। उनके पुश्तैनी घर को सरकार ने राष्ट्रीय धरोहर के रूप में संरक्षित किया है।
भगवंत मान 58,000 वोटों से जीते
भगवंत मान पंजाब की धुरी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में थे, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 58,206 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की है। वहीं पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी दोनों विधानसभा सीटों पर पीछे चल रहे हैं।
पंजाब की 91 सीटों पर AAP आगे
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 3:00 बजे तक पंजाब की 117 विधानसभाओं में 91 सीटों पर आम आदमी पार्टी आगे चल रही थी। वहीं सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटें पर बढ़त दिख रही थी। अन्य पार्टियों की बात करें तो शिरोमणि अकाली दल 3 सीट, बहुजन समाज पार्टी 1 सीट और भारतीय जनता पार्टी 2 सीटों पर आगे चल रही थी। वहीं एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है।