राजस्थान (Rajasthan) के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने अपने मौजूदा कार्यकाल में बेमिसाल काम किया है और उन्होंने दावा किया कि सरकार के खिलाफ कोई लहर नहीं है। गहलोत यहां मानसरोवर में पार्टी के कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसी कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की आंख, कान बताते हुए उन्हें मजबूत करने पर जोर दिया।
अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘हमारे लिए गर्व की बात है कि अपनी उपलब्धियों से राजस्थान पूरे देश में चर्चा में आ गया है। पहली बार किसी सरकार के खिलाफ कोई लहर नहीं है। मुझे गर्व है कि सरकार ने जो काम किए वे बेमिसाल हैं। हमने हर परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया है।’’
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, "किसी भी कीमत पर हमारी सरकार दोबारा सत्ता में आए ये हमारा संकल्प होना चाहिए। हमने वादे निभाए हैं। तमाम मतभेद भुला दें क्योंकि यह देश का सवाल है। राजस्थान विधानसभा में जीत देश को एक संदेश देगी।"
राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। दोनों ने भी राज्य की अशोक गहलोत सरकार के कामकाज की प्रशंसा की।
खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की आंख, कान बताते हुए उन्हें मजबूत करने पर जोर दिया। इसके साथ ही शनिवार का उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो कहती है वही करके दिखाती है।
उन्होंने कहा, "पार्टी के कार्यकर्ता हमारी आंख और कान हैं.. हमको मजबूत करने वाले हाथ हैं इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूत करना जरूरी है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे मतदाताओं के साथ लगातार संपर्क रखें, उनके सवालों का जवाब दें, विपक्षियों की तरफ से फैलाई जा रही झूठी बातों की काट करें और अगर कोई साथी नाराज है, तो उसे मनाने की कोशिश करें।
राज्य की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि 2018 में सरकार ने जन घोषणापत्र में जो वादे किए थे, उन्हें केवल पूरा नहीं किया बल्कि उससे एक कदम आगे बढ़कर सभी वर्गों को कुछ न कुछ दिया।