आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) को गुरुवार को तिहाड़ जेल के बाथरूम में फिसलकर गिर गए, जिसके बाद उन्हें दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैन मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। तिहाड़ जेल प्रशासन ने बताया कि उन्हें मामूली चोटें आईं हैं। फिलहाल, चेकअप के लिए उन्हें दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले इसी सप्ताह सोमवार को जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद पूर्व मंत्री को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती काराया गया था। सूत्रों ने न्यूज18 को बताया कि तिहाड़ की जेल नंबर 7 में बंद जैन गुरुवार सुबह करीब 6 बजे फिसलकर बाथरूम में गिर गए। जैन का दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में सभी जरूरी जांच कराया जा रहा है।
तिहाड़ जेल प्रशासन ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "जेल में बंद AAP नेता सत्येंद्र जैन कल रात तिहाड़ जेल के बाथरूम में फिसलकर गिर गए जिसके बाद उन्हें मामूली चोटें आई हैं जिसके लिए उन्हें चेकअप के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल लाया गया है।" वहीं, AAP के सूत्रों ने ANI को बताया, "कल रात सत्येंद्र जैन को चक्कर आने के बाद तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिर पड़े। उन्हें दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
दिल्ली के पूर्व मंत्री पहले से ही रीढ़ की हड्डी में चोट से जूझ रहे हैं और कमर पर बेल्ट लगाते हैं। जल्द ही उनकी सर्जरी भी होनी है। सत्येंद्र जैन की रीढ़ की समस्या की सोमवार को सफदरजंग अस्पताल में जांच की गई। तस्वीरों में जैन के अस्वस्थ और कमजोर दिखने पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) उन्हें मारना चाहती है।
मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जैन को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 31 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। सत्येंद्र जैन को ED ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत 2017 में उनके खिलाफ दर्ज CBI की FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करते हुए गुरुवार को ट्वीट किया, "जो इंसान जनता को अच्छा इलाज और अच्छी सेहत देने के लिए दिन-रात काम कर रहा था, आज उस भले इंसान को एक तानाशाह मारने पर तुला है। उस तानाशाह की एक ही सोच है- सबको खत्म कर देने की, वो सिर्फ़ “मैं” में ही जीता है। वो सिर्फ़ खुद को ही देखना चाहता है। भगवान सब देख रहे हैं, वो सबके साथ न्याय करेंगे। ईश्वर से सत्येंद्र जी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। भगवान उन्हें इन विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की शक्ति दें।"
इससे पहले केजरीवाल ने सोमवार को ट्वीट कर कहा था,‘सत्येंद्र जैन जी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। BJP (भारतीय जनता पार्टी) की सरकार के इस अहंकार और जुल्म को दिल्ली और देश के लोग अच्छे से देख रहे हैं। भगवान भी इन अत्याचारियों को कभी माफ नहीं करेंगे। इस संघर्ष में जनता हमारे साथ है, ईश्वर हमारे साथ हैं, हम सरदार भगत सिंह जी के अनुयायी हैं। ज़ुल्म, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी।’
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता एवं सांसद संजय सिंह ने भी बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने ट्वीट किया, ‘बीजेपी के लोगों, खूब ताली पीटो, खूब जश्न मनाओ, लेकिन याद रखना कि यह वही शख़्स है जो खुद करोना वायरस से संक्रमित हुआ, इनके पिता की मृत्यु हुई, लेकिन दिल्ली के लोगों की सेवा में पीछे नहीं रहा। भाजपा सत्येंद्र जैन की जान लेना चाहती है। इतनी भी क्रूरता अच्छी नहीं है मोदी जी।’
सुप्रीम कोर्ट में जैन की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी ने पिछले सप्ताह अदालत को बताया था कि पूर्व मंत्री का वजन 35 किलोग्राम कम हुआ है, वह हड्डियों का ढांचा बन गए हैं और वह कई बीमारियों से भी जूझ रहे हैं। 6 अप्रैल को दिल्ली हाई कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैन की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। हाई कोर्ट ने कहा कि AAP नेता एक प्रभावशाली व्यक्ति हैं, जिनमें सबूतों से छेड़छाड़ करने की क्षमता है।