Presidential Polls 2022: चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में कुल 4,796 निर्वाचकों में से 99 प्रतिशत ने मतदान किया। चुनाव आयोग के मुताबिक, 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में 100 प्रतिशत मतदान हुआ। राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि संयुक्त विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के गुरदासपुर से सांसद एवं फिल्म अभिनेता सनी देओल (Sunny Deol) और केंद्रीय मंत्री संजय धोत्रे (Sanjay Dhotre) उन लोगों में शुमार हैं जिन्होंने सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव में मतदान नहीं किया। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सनी देओल इलाज के लिए विदेश में हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री धोत्रे ICU में भर्ती हैं।
BJP और शिवसेना के दो-दो सांसद और बहुजन समाज पार्टी (BSP), कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (SP) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (AIMIM) के एक-एक सांसद भी उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान मतदान नहीं किया।
इसके अलावा जेल में बंद BSP नेता अतुल सिंह मतदान करने नहीं आ सके। शिवसेना नेता गजानन कीर्तिकर और हेमंत गोडसे ने भी मतदान नहीं किया। AIMIM नेता इम्तियाज जलील भी उन 8 लोगों में शामिल थे, जिन्होंने मत नहीं दिया।
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण जैसे कई वरिष्ठ नेता पीपीई किट पहनकर मतदान केंद्र पहुंचे। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान केंद्र पहुंचे। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में हर विधायक के वोट की कीमत अलग-अलग होती है।