तमिलनाडु में एक बड़ा राजनीतिक फेरबदल होने जा रहा है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन को उपमुख्यमंत्री पद पर प्रमोट किए जाने की संभावना है। सूत्रों ने कहा है कि ये बदलाव अगले महीने 22 अगस्त को एमके स्टालिन के अमेरिका रवाना होने से पहले होगा। उदयनिधि स्टालिन फिलहाल में तमिलनाडु के युवा मामले और खेल मंत्री हैं। रैंकों में उनका प्रमोशन ऐसे समय में हो रहा है, जब कैबिनेट के भीतर फेरबदल की उम्मीद है।
चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदयनिधि ने दिसंबर 2022 में कैबिनेट में मंत्री के रूप में शपथ ली। इस बीच, India Today ने सूत्रों के हवाले से बताया कि स्टालिन जूनियर को इस साल की शुरुआत में उपमुख्यमंत्री का पद संभालना था, लेकिन दक्षिणी राज्य में विवादों ने DMK की योजना को टाल दिया।
CM को 'मुक्त' करने के लिए हो रहा ऐसा
Indian Express की एक रिपोर्ट के अनुसार, उदयनिधि के प्रमोशन के पीछे का मकसद तमिलनाडु के CM को "मुक्त" करना और राज्य में सुचारू शासन की सुविधा देना है।
एक वरिष्ठ नेता ने अखबार को बताया, "इस कदम से उदयनिधि को अहम जिम्मेदारियों के साथ तैयार करने में मदद मिलेगी।"
विवादों में घिरे उदयनिथि स्टालिन
पिछले साल उदयनिधि स्टालिन (Udhayanidhi Stalin) उस समय विवादों में आ गए थे, जब उन्होंने सनातन धर्म की तुलना "डेंगू और मलेरिया" से की थी।
उनके प्रमोशन को टालने का एक दूसरा कारण जहरीली शराब वाला हादसा भी था, जिसमें जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी।
इसी साल जनवरी में सीएम एमके स्टालिन ने अपने बेटे के डिप्टी बनने की संभावना को खारिज कर दिया था। तमिलनाडु के सीएम ने उदयनिधि के शब्दों को कोट करते हुए कहा कि उनके साथ कैबिनेट के सभी मंत्री "सीएम के डिप्टी के रूप में ही काम कर रहे हैं।"