'अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सरकारी गवाह बनूंगा, उन्हें बेनकाब करूंगा' ठग सुकेश चंद्रशेखर ने जेल में दिल्ली के CM का किया स्वागत

ये पहली बार नहीं है, जब सुकेश ने केजरीवाल को लेकर कोई बयान दिया हो। ठगी के आरोप में जेल में बंद सुकेश कई बार केजरीवाल पर हमला बोलता रहा है। फरवरी में, उसने आरोप लगाया था कि सीएम के खिलाफ पहले की गई शिकायतों और बयानों को वापस लेने के लिए पिछले तीन दिनों से उसपर कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा है

अपडेटेड Mar 23, 2024 पर 11:40 PM
ठग सुकेश चंद्रशेखर ने शनिवार को कहा कि वो AAP के राष्ट्रीय संयोजक के खिलाफ सरकारी गवाह बनेगा

दिल्ली शराब नीति घोटाला (delhi liquor scam) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की तरफ से गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को 28 मार्च तक 6 दिन की हिरासत में भेजे दिया गया था। अब इस मामले पर जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) की भी प्रतिक्रिया आई है। सुकेश ने शनिवार को कहा कि वो AAP के राष्ट्रीय संयोजक के खिलाफ सरकारी गवाह बनेगा और उन्हें बेनकाब करेगा।

ANI के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने अदालत में पेश किए जाने के दौरान मीडिया से कहा, "मैं केजरीवाल और उनकी टीम के खिलाफ सरकारी गवाह बन जाऊंगा। मैं उन्हें बेनकाब कर दूंगा। मैं यह चाहूंगा उन्हें सजा दी जाए।"


'मैं केजरीवाल का तिहाड़ जेल में स्वागत करता हूं'

दिल्ली के सीएम के खिलाफ उसके पास मौजूद सबूतों के बारे में पूछे जाने पर, चंद्रशेखर ने कहा, “सभी सबूत दिए गए हैं। सच की जीत हुई है। मैं तिहाड़ जेल में उनका स्वागत करता हूं।" सुकेश चंद्रशेखर कथित 200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।

शराब नीति घोटाला मामले में कुछ घंटों की पूछताछ के बाद ED ने गुरुवार रात अरविंद केजरीवाल को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें 28 मार्च तक 6 दिन की हिरासत में भेज दिया।

AAP नेताओं ने होली पर केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का 'घेराव' करने की घोषणा की।

दूसरी ओर, अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली के लोगों को संबोधित किया और जेल से मुख्यमंत्री का लिखा गया एक पत्र पढ़ा। हिंदी में संबोधन देते हुए सुनीता केजरीवाल ने खुद को अरविंद केजरीवाल की पत्नी बताया और कहा, ''आपके भाई, आपके बेटे ने जेल से एक संदेश भेजा है।''

इसके बाद उन्होंने अरविंद केजरीवाल का पत्र पढ़ना शुरू किया और अपने पति को कोट करते हुए कहा: “मुझे कल रात गिरफ्तार कर लिया गया था। मैं चाहे जेल में रहूं या बाहर, देश की सेवा करता रहूंगा। मेरा जीवन, मेरे शरीर का एक-एक कण इस देश के लोगों को समर्पित है।”

अरविंद केजरीवाल को हाई कोर्ट से लगा झटका, अदालत ने ठुकराई तुरंत सुनावई की मांग

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।