UP Election 2022: असदुद्दीन ओवैसी की कार पर चलीं गोलियां, गाड़ी के टायर हुए पंक्चर, बाल बाल बचे

असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने कहा कि गोलियां तब चलीं, जब वे मेरठ के किठौड़ में चुनावी कार्यक्रम के बाद दिल्ली जा रहे थे

अपडेटेड Feb 04, 2022 पर 1:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
असदुद्दीन ओवैसी की कार पर चलीं गोलियां

UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) से पहले एक बड़ी घटना सामने आई है, जिसमें AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) पर यूपी में गोलियां (Firing) चलाई गई हैं। ओवैसी का कहना है कि जब वह मेरठ के किठौड़ में चुनावी कार्यक्रम के बाद दिल्ली जा रहे थे, तो छजरसी टोल प्लाजा के पास उनकी गाड़ी पर 3-4 राउंड गोलियां चलाई गईं।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "मैं किठौर, मेरठ (यूपी) में एक चुनावी कार्यक्रम के बाद दिल्ली के लिए जा रहा था। छाजरसी टोल प्लाजा के पास 2 लोगों ने मेरी गाड़ी पर 3-4 राउंड गोलियां चलाईं। वे कुल 3-4 लोग थे। मेरी गाड़ी के टायर पंक्चर हो गए और फिर मैं दूसरी गाड़ी से निकला।"

हमले के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने मीडिया से कहा, "मैं चुनाव आयोग से इस गोलीबारी की घटना की स्वतंत्र जांच के आदेश देने का अनुरोध करता हूं। स्वतंत्र जांच कराने की जिम्मेदारी यूपी सरकार और मोदी सरकार की है। मैं इस मामले पर लोकसभा अध्यक्ष से भी मिलूंगा। ये कैसे हो सकता है कि एक सांसद पर 4 राउंड फायरिंग की जाती है?"


उन्होंने आगे कहा, "पुलिस की तरफ से मुझे जानकारी दी गई है कि हथियार बरामद कर लिए गए हैं और एक शूटर को हिरासत में ले लिया गया है।"

उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारी उस जगह पर पहुंच गए हैं, जहां गोलियां चलाई गई थीं और मामले की जांच की जा रही है।

ओवैसी ने घटना को लेकर ट्वीट किया, "कुछ देर पहले छिजारसी टोल गेट पर मेरी गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं। 4 राउंड फायर हुए। 3-4 लोग थे, सब के सब भाग गए और हथियार वहीं छोड़ गए। मेरी गाड़ी पंक्चर हो गई, लेकिन मैं दूसरी गाड़ी में बैठ कर वहां से निकल गया। हम सब महफ़ूज़ हैं। अलहमदु’लिलाह।"

वहीं AIMIM प्रमुख के भाई और तेलंगाना विधानसभा के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी (Akbaruddin Owaisi) ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, "डासना में बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी साहब पर जान लेवा हमला कई राउंड गोली चली। सदर साहब अल्हम्दुलिल्लाह ख़ैरियत से है अल्लाह ताला सदर साहब को अपनी हिफ्ज़ो अमान में रखे।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।