UP Election Result 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) बढ़त बनाए हुए है। अब तक के रुझानों में BJP बड़ी बढ़त की तरफ कदम बढ़ा रही है जबकि समाजवादी पार्टी (SP) पिछड़ती दिख रही है। विधानसभा की 403 में से 318 सीटों पर प्राप्त शुरुआती रुझानों के मुताबिक 235 सीटों पर BJP आगे चल रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी 90 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
बसपा और कांग्रेस चार-चार सीटों पर जबकि जनसत्ता दल एक सीट पर आगे चल रहा है। वहीं, चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की 403 में से 168 सीटों पर शुरुआती रुझान प्राप्त हुए हैं जिनमें से 102 पर बीजेपी, 46 पर सपा और एक पर सपा का सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल बढ़त बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से आगे चल रहे हैं। जबकि करहल से अखिलेश यादव, केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से आगे चल रहे हैं। वहीं, फजील नगर से स्वामी प्रसाद मौर्या पीछे चल रहे हैं। इसके अलावा श्रीकांत शर्मा मथुरा (बीजेपी) से आगे हैं और ओम प्रकाश राजभर गाजीपुर जिले के जहूराबाद सीट से पीछे चल रहे हैं। विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए गए चुनाव बाद सर्वेक्षणों में प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
राजनीतिक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की लगभग दो महीने लंबी चली कवायद के बाद राज्य की 403 सीटों के चुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना राज्य के सभी 75 जिलों में सुबह आठ बजे शुरू हो गई है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हो रही है। उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में पड़े मतों की गणना की जाएगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 10 फरवरी से सात मार्च के बीच सात चरणों में कराया गया था। चुनाव के नतीजों से यह तय हो जाएगा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रदेश में लगातार दूसरी बार अपनी सरकार बना कर कीर्तिमान रचती है या समाजवादी पार्टी (SP) पांच साल बाद फिर सत्ता में लौटती है, या बहुजन समाज पार्टी (BSP) अथवा अन्य कोई दल या गठबंधन सभी को चौंकाते हुए सत्ता शीर्ष पर पहुंचता है।